रायपुर। छत्तीसगढ़ मंत्रालय में सचिवालय सेवा के अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने उप सचिव और अवर सचिव स्तर के 22 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। 25 सितंबर को जारी इस आदेश के तहत गृह, स्वास्थ्य, वित्त, नगरीय प्रशासन और स्कूल शिक्षा समेत कई प्रमुख विभागों के प्रभार बदले गए हैं।
उप सचिव स्तर के अधिकारियों को मिले नए दायित्व
जारी आदेश के मुताबिक उप सचिव डॉ. विवेक श्रीवास को जेल विभाग के साथ गृह विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मगनलाल पवार को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग से हटाकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में पदस्थ किया गया है। रोमन गंगाकचूर को वित्त विभाग से स्थानांतरित कर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
मार्टिन लकड़ा को पशुधन विकास एवं मछली पालन विभाग से हटाकर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग भेजा गया है। वहीं रामेश्वर प्रसाद वर्मा को स्कूल शिक्षा विभाग से सहकारिता विभाग और शांता खरे को वित्त विभाग से ग्रामोद्योग विभाग में पदस्थ किया गया है।इसके अलावा रेखा साहू को संसदीय कार्य विभाग से हटाकर जन शिकायत निवारण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग में सुभाषचंद कुजूर अपनी मौजूदा जिम्मेदारी पर बने रहेंगे। उनके कार्यभार ग्रहण करते ही लवीना पांडेय को इस विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया जाएगा।
अवर सचिव स्तर के अधिकारियों के प्रभार में बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत अवर सचिव अमितोष जॉन को खाद्य विभाग से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में पदस्थ किया गया है। सुनीता गौतम को परिवहन विभाग से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग के कक्ष-4 की जिम्मेदारी दी गई है। दीपकुमार खेस्स को ग्रामोद्योग विभाग से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नूतन अजगर को चिकित्सा शिक्षा विभाग से पशुधन विकास एवं मछली पालन
विभाग और भोलेनाथ सारथी को वन विभाग से संसदीय कार्य विभाग में भेजा गया है। वहीं जावे कच्छप को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग और मंजूषा राजपूत को मछली पालन विभाग से योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में पदस्थ किया गया है।




