बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलोदी गांव में एक युवक ने हसिए से अपनी गर्दन काट ली और लहूलुहान हालत में गांव में घूमता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल युवक की पहचान भेड़ियानवागांव निवासी नरेंद्र रावटे (पिता बालचन्द रावटे) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नरेंद्र सुबह अपने घर से निकला था और दूसरे गांव बेलोदी पहुंचा। वहां उसने हसिए से खुद का गला काट लिया और खून से लथपथ होकर पूरे गांव में घूमने लगा।
पुलिस ने कराया अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू
सड़क पर युवक को इस हालत में देख ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान चल रहा था और बार-बार कह रहा था कि कोई उसे मारने आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।




