बालोद। देवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर रविवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद कार चालक अपने साथी के साथ वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
रॉन्ग साइड से आकर कार ने बाइक को मारी सीधी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परसुली गांव के निवासी पवन सोनकर रविवार रात अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय भतीजे नमन कुमार सोनकर के साथ बाइक (क्रमांक CG 24 S 1107) पर सवार होकर घर के पास सड़क पर निकले थे।
इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार (क्रमांक CG 08 AT 360) के चालक ने कथित तौर पर वाहन को रॉन्ग साइड में ले जाकर सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल ले जाते समय गंभीर हालत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 और एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान 3 वर्षीय हिमांशु सोनकर और 12 वर्षीय नमन कुमार सोनकर की मौत हो गई। हादसे में घायल पवन सोनकर का इलाज अभी जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त, फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसका साथी वाहन को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।




