रायगढ़। इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती के बाद शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में पुसौर पुलिस ने 24 वर्षीय युवक अनिल कुमार साव को गिरफ्तार किया है। 19 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई महिलाओं और नाबालिगों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत की गई।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय स्थानीय युवती ने 7 सितंबर 2026 को थाना पुसौर में ग्राम बुनगा निवासी अनिल कुमार साव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। युवती ने बताया कि आरोपी ने उसे इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। शिकायत के मुताबिक, बातचीत के दौरान अनिल कुमार साव ने युवती से प्रेम का इजहार किया और उससे शादी करने तथा पत्नी बनाकर रखने का भरोसा दिलाया।
कॉलेज के पास बुलाकर होटल ले जाने का आरोप
युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने उसे पटेलपाली कॉलेज के पास मिलने बुलाया। इसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। युवती के अनुसार, इसके बाद मई 2026 तक आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब युवती आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाती थी, तो वह विवाद कर उसे वहां से भगा देता था।
शादी की तैयारी के नाम पर 45 हजार रुपये लेने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी की तैयारी के नाम पर उससे 45 हजार रुपये भी लिए थे। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। युवती द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप भी शिकायत में लगाया गया है।
पीड़िता का कथन और मेडिकल परीक्षण कराया
युवती ने घटना की जानकारी अपने माता-पिता और सहेली को दी। इसके बाद वह थाना पुसौर पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 229/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का कथन महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से दर्ज कराया गया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस और उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव (24), पिता समय लाल साव, निवासी ग्राम बुनगा, थाना पुसौर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।




