अब घर की रोटी कौन लाएगा…’ मैकेनिक की दुकान में मौत बनकर घुसी कार, बुझ गया परिवार का इकलौता चिराग

सारंगढ़। रोज की तरह श्याम कुमार पटेल अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। हाथ में पाना-पेंचकस था और परिवार की रोजी-रोटी के लिए मेहनत का सिलसिला जारी था। तभी बरमकेला क्षेत्र के परसकोल में एक बेकाबू कार सड़क से उतरकर उनकी दुकान में जा घुसी। हादसे ने 44 वर्षीय श्याम कुमार की जिंदगी छीन ली। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने अब अपनों को खोने का दर्द ही नहीं, बल्कि आगे की जिंदगी चलाने की चिंता भी खड़ी हो गई है।

भालूपानी से लौट रहे थे दोनों, दुकान में जा घुसी कार

जानकारी के मुताबिक बरमकेला क्षेत्र के रहने वाले बजरंग कोडाकू और निखिल पटेल भालूपानी गांव में अपने एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। वहां से दोनों कार से रायगढ़ की ओर लौट रहे थे। परसकोल के पास सड़क किनारे लगे दिशा-सूचक बोर्ड से बचने के प्रयास में चालक बजरंग कोडाकू ने कार को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और सीधे श्याम कुमार की मैकेनिक दुकान में जा घुसी। उस समय श्याम कुमार दुकान में एक वाहन की मरम्मत कर रहे थे। अचानक हुई टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकान पर वाहन बनवाने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आईं।

सारंगढ़ से रायगढ़ रेफर, रास्ते में टूटी सांसे

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और श्याम कुमार को तत्काल सारंगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायगढ़ रेफर कर दिया। परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर रायगढ़ के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। श्याम कुमार की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस व्यक्ति की कमाई से घर का खर्च चलता था, उसके अचानक चले जाने से पत्नी और बच्चों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस घटना से परसकोल में भी शोक का माहौल है।

ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने संभाली स्थिति

हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और घटना को लेकर नाराजगी जताई। सूचना मिलने पर कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभाला और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर लिया है। चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर के अनुसार आरोपी चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *