24 घंटे में चाकूबाजी की दो वारदात, दो युवकों की मौत, पुलिस ने 2 नाबालिग सहित 5 आरोपियों को पकड़ा

रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की लगातार दो घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डीडी नगर थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग विवादों में चाकू चलने से दो युवकों की जान चली गई। दोनों घटनाओं में शुरुआत मामूली विवाद से हुई, लेकिन मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी वारदात में भी घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पहला मामला : महिला मित्र के साथ घर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ हमला

पहली घटना महादेव घाट रोड स्थित गणेश मंदिर के पास की है। निषादपारा, रायपुरा निवासी 20 वर्षीय कैलाश निषाद अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी से पहुंचे चंगोराभाठा निवासी 20 वर्षीय टीकेंद्र देवांगन ने उसे रोक लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच बातचीत शुरू होने से पहले ही टीकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में घायल कैलाश ने बचाव करते हुए चाकू अपने कब्जे में ले लिया और इसी दौरान टीकेंद्र पर वार हो गया। गंभीर रूप से घायल टीकेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कैलाश को भी उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा मामला : चंगोराभाठा में विवाद के बाद युवक पर चाकू से हमला

दूसरी वारदात 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने भोला पर चाकू से हमला कर दिया।

गंभीर हालत में भोला को मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

लगातार वारदातों के बाद पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

दोनों घटनाओं में BNS की हत्या, बलवा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और विवाद की वास्तविक वजहों की जांच कर रही है। लगातार हुई चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है। दोनों मामलों का पुलिस अधिकारी जल्द ही विस्तृत खुलासा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *