बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब छात्रा ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रही थी। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
बोदरी मोड़ के पास स्कूटी को मारी टक्कर
हादसा चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोदरी मोड़ के पास हुआ। मृतका की पहचान 16 वर्षीय जान्हवी सी. भूषण के रूप में हुई है, जो एलसीआईटी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, जान्हवी अपनी स्कूटी से ट्यूशन से वापस घर जा रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान छात्रा ने तोड़ा दम, चालक फरार
टक्कर के बाद जान्हवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को यू-टर्न लेकर मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





