10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 688 कैडेट्स ने लिया भाग, सैन्य प्रशिक्षण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
रायपुर। 28 सीजी बटालियन एनसीसी, रायगढ़ के अंतर्गत रायपुर के लाखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित 137वें संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का 10 अक्टूबर को भव्य समापन हुआ। 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित इस दस दिवसीय शिविर में जूनियर एवं सीनियर डिवीजन के लगभग 688 छात्र-छात्रा कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर के दौरान प्रशिक्षण, अनुशासन और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स में से दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड के लिए 77 बालक एवं बालिका कैडेट्स का चयन किया गया।
शिविर में कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के अंतर्गत ड्रिल, वेपन ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, फायरिंग तथा प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय एकीकरण, स्वास्थ्य, डिजिटल जागरूकता और सेना से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का महत्व समझाया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुशील रामदास ने अपने संबोधन में कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को चुनौतियों का सामना करने और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास प्रदान करता है। उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित 77 कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर के कैंप कमांडेंट कर्नल प्रवीण तेवतिया थे। स्वागत भाषण में प्रथम अधिकारी संदीप पाल ने शिविर की गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कैडेट्स की उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि श्री सुशील रामदास ने अपने संबोधन में एनसीसी के माध्यम से संचालित होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कैडेट्स को अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के कैंप एडजुटेंट कैप्टन पंकज अहिरवार के मार्गदर्शन में एनसीसी अधिकारियों एवं पीआई स्टाफ ने कैडेट्स को विभिन्न सैन्य एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया। दस दिनों तक चले इस शिविर में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, कार्यक्षमता और अनुशासन का परिचय दिया। समापन समारोह का एक प्रमुख आकर्षण कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। इसमें छात्र-छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को दर्शाते हुए विभिन्न पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। रंगारंग प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का मन मोह लिया। 137वें सीएटीसी शिविर ने कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। गणतंत्र दिवस परेड के लिए 77 कैडेट्स का चयन शिविर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।





