- धरमजयगढ़ के क्रिंधा में करीब साढ़े सात एकड़ जमीन की रजिस्ट्री, घरघोड़ा के एक व्यक्ति ने निभाई अहम भूमिका
रायगढ़ । धरमजयगढ़ में एक साथ कई कोल ब्लॉक शुरू होने की सुगबुगाहट हो रही है। इस बीच कई कंपनियों ने भी जमीनों में निवेश करना शुरू कर दिया है। बिलासपुर का फिल ग्रुप भी यहां किसी नए प्रोजेक्ट की प्लानिंग कर रहा है। कापू तहसील के क्रिंधा में करीब साढ़े सात एकड़ जमीन प्रवीण झा ने ही खरीदी है। पिछले दो-तीन सालों में धरमजयगढ़ अनुविभाग में कई धनकुबेरों ने कदम रखे हैं। हरियाणा, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग के कई नगरसेठों ने जमीनों में निवेश किया है। ब्लैक मनी का जमकर इस्तेमाल हुआ है।
पूरे रायगढ़ जिले में कहीं भी 2-3 लाख रुपए प्रति एकड़ में जमीन नहीं मिल रही है, लेकिन धरमजयगढ़ में इसी रेट पर रजिस्ट्रियां हो रही हैं।गाइडलाइन रेट से भी कम दरों पर जमीनें खरीदने के दावे किए जा रहे हैं, जिसे पंजीयन विभाग भी मान रहा है। जल्द ही कई कोल ब्लॉकों के प्रारंभ होने की संभावना है। इससे पहले ही कई बाहरी लोगों ने जमीनें खरीद ली हैं। इसमें फिल ग्रुप का नाम भी शामिल है। फिल कोल बेनीफिकेशन और कई अन्य फर्म संचालित करने वाले कारोबारी प्रवीण चंद्र झा ने क्रिंधा गांव को चुना है। 27 अक्टूबर 2026 को कापू तहसील के क्रिंधा में 11 खसरों की रजिस्ट्री हुई।
विक्रेता राजकुमार चौधरी पिता चक्रधर चौधरी निवासी लिबरा, तमनार ने प्रगति इंफ्रालीज की ओर से प्रवीण चंद्र झा पिता रमानाथ झा निवासी डीपुपारा वार्ड 15 बिलासपुर को जमीन बेची है। प्रवीण ने खनं 173 (0.511 हे.), 27/3 (0.158 हे.), 440/5 (0.454 हे.), 445 (0.178 हे.), 446 (0.522 हे.), 469/2 (0.121 हे.), 474/2/क (0.214 हे.), 474/2/ख (0.275 हे.), 474/2/घ (0.296 हे.), 476 (0.121 हे.) और 497/2 (0.251 हे.) कुल 3.101 हे. को मात्र 15.58 लाख रुपए में खरीदी है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल ग्रुप किसी प्रोजेक्ट की तैयारी कर रहा है।
राजस्व विभाग दे रहा साथ
धरमजयगढ़ में विशेष जनजाति बहुल गांवों में भी पिछले दिनों जमीनें खरीदी गई हैं। खर्रा समेत कई ऐसे गांव हैं जहां विशेष जनजाति निवास करती हैं। यहां तो करीब 200 एकड़ जमीनों के सौदे हुए हैं। धरमजयगढ़ में कोयला आधारित उद्योगों की बाढ़ आने वाली है। संभव है कि कोल ब्लाक्स के साथ वॉशरी भी खुल जाए।



