रायगढ़ में 2 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और नशीली दवाएं नष्ट, 16 मामलों में हुई थी जब्ती

रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रायगढ़ जिले में विभिन्न एनडीपीएस मामलों में जब्त 2 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक कीमत के नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाइयों का विधिवत नष्टीकरण किया गया है। यह पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।

भट्ठी में जलाया गया 415 किलो गांजा, दवाओं पर चला बुलडोजर

रायगढ़ जिले के 16 प्रकरणों में जब्त 415.991 किलोग्राम गांजा और 3 नग गांजा के पौधों को एसएसपी स्टील एंड पॉवर लिमिटेड, जामगांव प्लांट की भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया।

इसके अलावा विभिन्न मामलों में जब्त 108 नग प्रतिबंधित सिरप और 529 नग प्रतिबंधित टेबलेट व कैप्सूल समेत कुल 637 नग नशीली दवाइयों को प्लांट परिसर के पास बुलडोजर और रोड रोलर से कुचलकर गड्ढे में दबा दिया गया। नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों और दवाइयों की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 8 लाख 26 हजार 399 रुपये आंकी गई है।

समिति और पंचों की निगरानी में पूरी हुई प्रक्रिया

यह नष्टीकरण नियमानुसार जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के सदस्यों की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान समिति अध्यक्ष शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, उप पुलिस अधीक्षक उत्तम प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी और पंच उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *