रायगढ़। वन विभाग की टीम ने जामगांव सर्किल अंतर्गत भगोरा गांव में दबिश देकर एक घर से अवैध रूप से भंडारित सागौन के लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान बरामद की है। यह लकड़ी रथलाल राठिया के घर में छिपाकर रखी गई थी। वन अमले ने पूरी लकड़ी को जब्त कर लिया है और उसकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर उड़नदस्ते ने दी दबिश
यह मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र का है। वन विभाग को गुरुवार को सूचना मिली थी कि भगोरा गांव निवासी रथलाल राठिया के मकान में भारी मात्रा में सागौन और साल की अवैध लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही उड़नदस्ता और विभागीय अमले की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने जब घर की तलाशी ली, तो वहां सागौन के बड़े लट्ठे और साल की चिरान मिली। वनकर्मियों द्वारा लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर रथलाल कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद वन विभाग ने सभी लकड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया।
35 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही कीमत
वन विभाग के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बरामद लकड़ी की कीमत 35 हजार रुपये से ज्यादा हो सकती है। हालांकि, इसकी वास्तविक और अंतिम कीमत नापजोख व विस्तृत मूल्यांकन के बाद ही स्पष्ट होगी।
रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी थी, जहां से काफी मात्रा में लकड़ी बरामद की गई है। लकड़ी का आधिकारिक मूल्यांकन कराया जा रहा है और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई व पूछताछ की जा रही है।




