रायगढ़ । समाजवादी विचारधारा के साथ जल, जंगल, जमीन के लिए संघर्ष करने वाली नंदन गुप्ता रूपी मशाल आज बुझ गई। 80 वर्षीय प्रखर समाजवादी नेता नंदन गुप्ता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मेट्रो बालाजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था जहां सोमवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार की सुबह बोईरदादर स्थित उनके निवास स्थान से निकाली जाएगी। समाजवादी नेता नंदन गुप्ता लंबे समय से बीमार चल रहे थे। विगत 13 तारीख को उपचार के लिए उन्हें मेट्रो बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सोमवार की सुबह उनका निधन हो गया।
नंदन गुप्ता अपने पीछे दो पुत्र व दो पुत्रियों सहित नाती पातों को भरा पूरा परिवार रोता बिलखता छोड़ गये हैं। उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार की सुबह बोईरदादर स्थित उनके निवास स्थान से निकाली जाएगी। रेफ्रिजरेशन एवं रेडियो मैकेनिक के रूप में कार्य करने वाले नंदन गुप्ता ने अविभाजित मध्यप्रदेश के दौरान वर्ष 1993 में समाजवादी पार्टी की टिकट पर रायगढ़ विधान सभा से चुनाव लड़ा था। वहीं वर्ष 1998 में उन्होंने लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा था। वहीं रायगढ़ जिले में औद्योगिकरण के कारण समाप्त हो रही जल, जंगल व जमीन को लेकर भी उन्होंने स्वतंत्रता
संग्राम सेनानी व पूर्व विधायक स्व. रामकुमार अग्रवाल, स्व. शशिकांत शर्मा, राजकुमार गुप्ता जयंत बोहिदार सहित अन्य समाजवादी नेताओं के साथ जमीनी लड़ाई लड़ी। केलो नदी से जिंदल को पानी देने के विरुद्ध वर्ष 1997 में चले आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वहीं इस आंदोलन के दौरान बोंदाटिकरा निवासी सत्यभामा सौंरा के आमरण अनशन के दौरान निधन होने के मामले में आंदोलन में शामिल नंदन गुप्ता सहित आधा दर्जन से अधिक नेताओं के खिलाफ उद्योग समूह की ओर से प्रकरण भी दर्ज करवाये गये थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मामा बनारसी के नेतृत्व में भी उन्होंने कई आंदोलनों में भाग लिया था।
नंदन गुप्ता आम लोगों पर हो रहे अत्याचार व अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने वाले जमीनी नेता थे उनका निधन जिले के लिए अपूर्णीय क्षति है।




