- नटवरपुर में दो प्लांट, रायगढ़ में तीनों एथेनॉल प्लांट के लिए भूजल का इस्तेमाल, रोजाना 1600 किलो लीटर पानी बोरवेल से
रायगढ़ । रायगढ़ जिले में भूजल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है। इसे बरकरार रखने के लिए प्रयास शून्य हैं। उल्टा ऐसे उद्योग लगाए जा रहे हैं, जिसमें बेहिसाब पानी का इस्तेमाल होगा। जिले में तीन एथेनॉल प्लांट लगेंगे जिसमें करीब 1600 किलो लीटर पानी रोजाना खपत होगी। सोचिए ऐसे कुछ प्लांट और लगने जा रहे हैं, जिसके बाद भू-जल की स्थिति क्या होगी। सरकार ने पेट्रोल में 20 प्रश एथेनॉल मिलाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। एथेनॉल प्लांटों को बढ़ावा देने के लिए नीतियां बनाई जा रही हैं। औद्योगीकरण से व्यापार, रोजगार, उत्पादन सब कुछ मिलेगा, लेकिन जो कीमत चुकाई जाएगी, उसकी भरपाई नहीं होगी।
वर्तमान में रायगढ़ जिले में नवदुर्गा फ्यूल्स 100 किलो लीटर डेली और मां मंगला इस्पात 150 किलो लीटर डेली उत्पादन क्षमता का एथेनॉल प्लांट चला रहे हैं। इस सूची में बीआर रिफाइनरी का नाम भी जुड़ रहा है। यह कंपनी नटवरपुर में 150 केएलडी एथेनॉल उत्पादन क्षमता का प्लांट लगाने जा रही है। इसके बाद भी कुछ और प्लांट कतार में हैं। तीनों प्लांट मिलाकर 400 किलो लीटर प्रतिदिन एथेनॉल का उत्पादन करेंगे। इसके लिए करीब 1600 किलो लीटर पानी रोज खपत किया जाएगा। सवाल यह है कि तीनों प्लांटों के पास पानी आपूर्ति की कोई दूसरी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। मतलब भूजल का ही दोहन किया जाएगा।
यह पानी बोरवेल से ही खींचा जाएगा। रायगढ़ जिले में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की कोई ठोस कार्ययोजना आज तक नहीं बन पाई। न तो शहर में और न ही गांवों में इस तरह के प्रोजेक्ट बनाए गए। खेती और पेयजल के लिए हर साल सैकड़ों बोरवेल खनन किए जा रहे हैं। भूजल को रिचार्ज करने के लिए उपाय एक प्रश भी सफल नहीं हैं। जो नए तालाब खोदे जा रहे हैं, उनमें पानी रुक नहीं रहा है क्योंकि ये वर्षा जल से नहीं भर पाते।
एथेनॉल के साथ मिलेगा कार्बन डाई ऑक्साइड
पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकसान का अनुमान नहीं लगाया जा रहा है। एथेनॉल प्लांटों से कार्बन डाई ऑक्साइड का उत्सर्जन कई टन होगा। 100 किलो लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले एथेनॉल प्लांट से रोज करीब 76 टन सीओटू उत्सर्जित होगा। मतलब 400 किलो लीटर प्रतिदिन उत्पादन होने पर 304 टन कार्बन डाई ऑक्साइड वातावरण में मिलेगा। सारे प्लांटों को जीरो वाटर डिस्चार्ज होने का दावा किया जा रहा है।
ग्रीन बेल्ट 33 प्रश क्षेत्र में डेवलप
किसी भी एथेनॉल प्लांट को जितनी भूमि पर पर्यावरणीय अनुमति दी जा रही है, उसका 33 प्रश ग्रीनबेल्ट के रूप में डेवलप करना होगा। इस शर्त की पूर्ति तो अब तक कोई उद्योग नहीं करता। पहले पेड़ काटे जाएंगे, फिर पौधे रोपे जाएंगे। बीआर रिफाइनरी ने नटवरपुर में करीब 14 एकड़ जमीन खरीदी है। खनं 239/1 रकबा 2.6910 हे और 239/2/ख रकबा 2.8330 हे. खरीद ली है। यह भूमि पहले विकास काला, विशाल काला, विनीत काला और संगीता जैन निवासी हावड़ा की थी।
अखिलेश पुरोहित
25 अक्टूबर 2026




