रायगढ़ । बड़े रामपुर में एक कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की जमीन खोजने-खोजते राजस्व अमला परेशान हो गया है। जो जमीन राजस्व विभाग ने 2010 में वहां चिह्नित की थी, वह 2026 में कहां गई। इस मामले में जांच के लिए कहा गया है लेकिन सवाल यह है राजस्व विभाग जमीन पर अतिक्रमण के प्रमाण भी नहीं ढूंढ़ पा रहा है। एक कैंसर पीड़ित बुजुर्ग अपनी 35 डिसमिल जमीन खोजने के लिए कई साल से चक्कर काट रहा है। पहले उसकी जमीन जिस लोकेशन पर मौजूद थी, अब वहां नहीं है। क्या जमीन खुद चलकर कहीं और पहुंच गई या किसी ने इसे गायब कर दिया।
कोई भी नया खसरा नंबर बनता है तो वह मूल खसरा नंबर से जुड़ा ही रहता है। बड़े रामपुर में कृष्ण लाल थवाईत की भूमि खसरा नंबर 166/6 शामिल खसरा नंबर 167/4, 167/8 कुल रकबा 0.127 हे. स्थित है। उनको कैंसर हो गया है। आगे के इलाज के लिए उनको अपने स्वामित्व की भूमि बेचनी है। इसलिए वे लगातार सीमांकन करके अपनी जमीन चिह्नित करने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन उनकी बात सुन भी रहा है। कार्रवाई भी करना चाहता है लेकिन किस पर? पहले कराए गए सीमांकन में पटवारी ने कह दिया कि कृष्णलाल अपनी जमीन पर काबिज नहीं हैं।
मतलब रायगढ़ में यदि किसी ने अपनी खाली जमीन का जायजा नहीं लिया तो कभी भी इस पर दूसरे का अधिकार हो जाएगा। फिर अपनी जमीन पाने के लिए पीड़ित चक्कर ही लगाता रहेगा। नक्शे के हिसाब से यह भूमि जहां होनी चाहिए, वहां नहीं है। 2025 में हल्का पटवारी ने सीमांकन करने के बाद तहसीलदार को बताया कि अभिलेख मिलान करने पर आवेदित भूमि का नक्शा बटांकन नहीं होने के कारण कब्जा नहीं पाया गया। इस मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं।
नक्शा क्यों किया डिलीट, क्या मकान बन गए जमीन पर
जनवरी 2025 में पटवारी ने खनं 166/6 को सीमांकन कर नक्शे में भी दर्ज किया था। फिर बाद में जमीन नक्शे से गायब हो गई। राजस्व रिकॉर्ड को ऐसे बदला जा रहा है, जैसे लोग कपड़े बदलते हैं। नए नक्शे में खनं 166/6 गायब है। भूमि मूल खसरा नंबर 166 का ही हिस्सा है तो वहीं होगी। संभव है कि जमीन को कई लोगों ने मिलकर कब्जा किया हो।
पहले के सीमांकन में थी जमीन
वर्ष 2009-10 में गीतादेवी रतेरिया पति दीनदयाल रतेरिया ने अपनी भूमि का सीमांकन करवाया था। उस समय पटवारी ने चौहद्दी बताई थी। उत्तर दिशा में कृष्णलाल थवाईत की जमीन मौजूद थी। अब उस सीमांकन को कोई गलत भी नहीं कह रहा है। दोबारा सीमांकन में भी जमीन खोजने का प्रयास हो रहा है।




