युवती से लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद,केलो डेम लूटकांड का चौथा फरार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। केलो डेम के पास युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटने के मामले में कोतवाली पुलिस ने चौथे और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजीव नगर मिट्ठूमुड़ा निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद मोफिद आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीड़िता से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और उसका फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इसके साथ ही इस लूटकांड में शामिल सभी चार आरोपियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई पूरी हो गई है।

घूमने के दौरान रास्ते में रोककर की थी मारपीट और लूट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22 वर्ष) ने 12 अक्टूबर 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सानू ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट से केलो डेम घूमने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान 3-4 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका और महिला मित्र के साथ घूमने को लेकर विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोपियों ने सानू की जेब से 1,500 रुपये नकद, आईफोन 12 मिनी और उसकी महिला मित्र का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। इसके बाद आरोपी बुलेट की चाबी फेंककर मौके से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मिला था चौथे का सुराग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी अमित तिवारी की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने पहले सोहेल अंसारी और रणवीर कुमार को गिरफ्तार किया, जिनकी प्रार्थी से कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान कराई गई। इसके बाद तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता को गिरफ्तार कर उसके पास से युवक का आईफोन 12 और बिना नंबर वाली हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (क्रमांक CG 13 AX 1602) जब्त की गई। पूछताछ में रामकुमार ने बताया था कि युवती का मोबाइल चौथे साथी मोहम्मद मोफिद आलम के पास है।

गैरेज में काम करता था आरोपी, दबिश देकर पकड़ा

फरार आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम उर्दना-रायगढ़ मार्ग पर स्थित एक गैरेज में पंचर बनाने का काम करता था और वारदात के बाद से फरार था। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दुकान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *