रायगढ़। स्वस्थ व्यक्ति ही सशक्त समाज की आधारशिला होता है। इसी भावना के साथ हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के CSR सहयोग, स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन एवं नव सृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति, रायगढ़ के समन्वय से संचालित स्वास्थ्य सशक्तिकरण श्रृंखला “आरोग्य दीप 3.0” के अंतर्गत किशोर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम शासकीय माध्यमिक विद्यालय, कोड़केल में विगत 30 सितंबर को आयोजित किया गया।
नव सृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति के दुर्गा शंकर नायक द्वारा विद्यार्थियों को बताया कि किशोरावस्था जीवन का वह महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें शरीर और मन में तेजी से बदलाव होते हैं। मूड स्विंग, गुस्सा, चिड़चिड़ापन, आत्मविश्वास में कमी, भ्रम-असमंजस तथा शारीरिक बदलावों को लेकर झिझक जैसी स्थितियां इस उम्र में स्वाभाविक हो सकती हैं। लेकिन सही संवाद और मार्गदर्शन का अभाव मानसिक तनाव को बढ़ा सकता है।

सत्र में— पढ़ाई का दबाव एवं तनाव, अकेलापन एवं भावनात्मक चुनौतियां, मोबाइल एवं सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग दूसरों से तुलना करने की भावना, नशे की ओर बढ़ता रुझान, पारिवारिक एवं सामाजिक दबाव, खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों से बढ़ती दूरी, मानसिक तनाव के संकेतों की पहचान, समस्या की स्थिति में क्या करें और क्या न करें जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया गया। खेल के माध्यम से तनाव मुक्ति उन्मुखीकरण के बाद विद्यार्थियों के साथ विद्यालय मैदान में खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। खेलों के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि शारीरिक सक्रियता मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की मानसिक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग हेतु सर्वे फॉर्म भी भरवाए गए, ताकि आवश्यकता के अनुसार आगे मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से सुश्री आँचल चौहान, विद्यालय के शिक्षकगण तथा नवसृजन टीम से श्रीमती भांजनी गुप्ता, श्रीमती संतोषी मेहर, श्रीमती दीपा सिंह, श्रीमती चंद्रावती राठिया एवं प्रकाश राठिया की सक्रिय सहभागिता रही। श्री नायक ने कहा कि आरोग्य दीप 3.0 का प्रयास है—हर गांव में स्वास्थ्य की रोशनी, हर किशोर के मन में आत्मविश्वास और हर परिवार में जागरूकता।




