पॉक्सो एक्ट में नपा इंस्टाग्राम वाला ‘दोस्त’! 17 साल की लड़की को भगाकर ले गया था ओडिशा, पुलिस ने दबोचा

6000 के लिए मोबाइल गिरवी रखकर नाबालिग को स्कूटी से ले गया था दूर; पुलिस की दबिश में हुआ गिरफ्तार और भेजा गया जेल।

रायगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने ‘अभियान संवेदना’ के तहत ओडिशा के हिमगीर से एक लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया है। मामले में बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर थाने में 31 अगस्त 2026 को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय पुत्री 13 अगस्त 2026 की शाम बिना बताए कहीं चली गई है। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 440/2026 में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

ओडिशा में ठिकाने बदलकर रह रहा था आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल बालिका को लेकर ओडिशा के हिमगीर में है। पुलिस टीम ने जब हिमगीर में दबिश दी, तब आरोपी और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर फरार हो गए थे। लगातार पतासाजी के बाद 2 सितंबर 2026 को पुलिस ने जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के हिमगीर स्थित एक किराये के मकान से बालिका को बरामद कर लिया, हालांकि आरोपी उस समय मौके से भाग निकला था।

रायगढ़ लाए जाने के बाद महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बालिका के बयान दर्ज किए गए। पीड़िता और गवाहों के बयानों में यह बात सामने आई कि आरोपी ने नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मामले में बीएनएस की धारा 87, 64(2)(M) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ी गई। साथ ही सीडब्ल्यूसी से बालिका की काउंसलिंग और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

गिरवी रखा था मोबाइल, स्कूटी से ले गया था ओडिशा

फरार आरोपी मनीष सिदार उर्फ साहिल (उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर) को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को पिछले चार वर्षों से जानता था और दोनों इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत करते थे।

आरोपी ने 14 अगस्त 2026 को अपने एक दोस्त के पास मोबाइल फोन गिरवी रखकर 6,000 रुपये लिए थे। इसके बाद वह अपनी एक्टिवा स्कूटी (क्रमांक CG 13 AA 4590) से बालिका को हिमगीर ले गया था। 2 सितंबर को जब चक्रधरनगर और ओडिशा पुलिस ने तलाश शुरू की, तो वह स्कूटी मौके पर ही छोड़कर भाग गया था।

पुलिस ने उस वाहन को जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में महिला उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और अन्य पुलिस स्टाफ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *