रायगढ़,। असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए जरूरी सेट परीक्षा 4 अक्टूबर को होनी है। पहली बार है जब इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। रायगढ़ जिले में सेट की परीक्षा में 19092 आवेदक बैठने जा रहे हैं। पहले केवल रायगढ़ ब्लॉक में ही परीक्षा होती थी लेकिन इस बार पुसौर और खरसिया के केंद्र भी जोड़े गए हैं। आगामी 4 अक्टूबर को स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी सेट की परीक्षा होने वाली है।
सीजी व्यापम की और से सेट परीक्षा कुल 30 विषयों के लिए आयोजित होगी जो हिन्दी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास, भूगोल, भौतिकी विज्ञान, गणितीय विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवन विज्ञान, कम्प्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन, वाणिज्य, विधि, संस्कृत, मनोविज्ञान, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, गृह विज्ञान, पृथ्वी, वायुमंडलीय, महा सागरीय और ग्रहीय विज्ञान, मानवशास्त्र, संगीत, कला मंच, योग, लोक प्रशासन, रक्षा और रणनीतिक अध्ययन, दर्शन शास्त्र, प्रबंधन, जन संचार, पत्रकारिता आदि हैं।
इस बार बहुत ज्यादा संख्या में युवाओं ने फॉर्म भरे हैं। पहले सेट की परीक्षा में रायगढ़ के केंद्रों में बमुश्किल 10 हजार आवेदक शामिल होते थे। यह पहली बार है जब 19092 आवेदक परीक्षा देंगे। इसके लिए रायगढ़, पुसौर और खरसिया के शासकीय स्कूल, कॉलेजों को सेंटर बनाया गया है। 84 केंद्रों में परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह दस बजे से 11.15 बजे तक और दूसरी पाली 2 बजे से 4.15 बजे तक होगी।
आवेदक परेशान, ढूंढ़ रहे हैं लोकेशन
व्यापम ने दूर-दूर के गांवों में भी परीक्षा केंद्र बनाए हैं। प्रतियोगी बहुत परेशान हैं। जिनको इन केंद्रों के बारे में जानकारी नहीं है, वे परिचितों को फोन कर मदद मांग रहे हैं। सोमवार को प्रवेश पत्र जारी किया गया है। लंबे समय से नेट और सेट की परीक्षा का इंतजार कर रहे पोस्ट ग्रेजुएट युवा परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।
अभी नहीं तो कभी नहीं
इस बार परीक्षार्थियों की संख्या दोगुनी होने की वजह असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों की निकलने वाली वैकेंसी है। खुद मुख्यमंत्री 700 पदों पर भर्ती का आश्वासन दे चुके हैं। आवेदकों को सेट परीक्षा को या नेट पास करने पर ही असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा। 2019 से अब तक भर्ती नहीं निकली है। सेट की परीक्षा के परिणाम के बाद संभवत: भर्ती विज्ञापन जारी हो सकता है। सेट परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी को स्नातकोत्तर उपाधि या समकक्ष परीक्षा किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से कम से कम 55 प्रश अंकों के साथ उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। अजा, अजजा, अपिव के लिए 50 प्रश अंक तय हैं।




