पुल पार करते समय बाईक सवार तीन लोग पानी में फंसे, ग्रामीणों ने बचाई जान

रायगढ़। रायगढ़ जिले में लगातार बढ़ते महानदी के जलस्तर के बीच रविवार सुबह पुसौर ब्लॉक के ग्राम बाराडोली में एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बहाव वाले नाले का पुल पार करने की कोशिश कर रहे बाईक सवार तीन लोग अचानक पानी के बहाव में फंस गए। बाईक पर एक महिला समेत दो पुरुष सवार थे। देखते ही देखते बाईक समेत तीनों लोग पुल से नीचे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को किसी तरह पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, तीनों लोग ग्राम बाराडोली से रायपाली और नवापारा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे नवापारा-ब के पास लकवा का इलाज करने वाले किसी डॉक्टर के पास जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें तेज बहाव वाले नाले के पुल से होकर गुजरना था। पुल के ऊपर पानी का बहाव तेज था। इसके बावजूद बाइक सवार तीनों लोग पुल को पार करने के लिए आगे बढ़ गए। जैसे ही बाइक तेज बहाव वाले पानी के बीच पहुंची, उनका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बाईक समेत तीनों लोग पुल से नीचे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण स्थिति गंभीर हो गई थी।

हालांकि, वहां मौजूद ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मदद के लिए आगे बढक़र तीनों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बाइक सवार तीनों लोगों को वापस भेज दिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, तेज बहाव के बीच पुल पार करने के दौरान बाइक समेत पानी में बहने की घटना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बताया गया है कि धमतरी जिले के गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद बीती रात से महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। महानदी का जलस्तर बढऩे का असर रायगढ़ जिले में भी देखने को मिल रहा है। नदी के आसपास के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पुसौर ब्लॉक के कई गांवों में भी बढ़ते जलस्तर और पानी के फैलाव का असर बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, करीब एक दर्जन गांवों में पानी पहुंच चुका है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में आने-जाने वाले रास्तों और पुल-पुलियों पर भी पानी का दबाव बढ़ गया है। बाराडोली में जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से महानदी की दूरी करीब 500 मीटर बताई गई है। नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण आसपास के नाले और जलमार्ग भी तेज बहाव में हैं। इसी दौरान बाइक से पुल पार करने की कोशिश कर रहे तीन लोगों के पानी में फंसने की घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *