रायगढ़ । नगर निगम के जगतपुर वार्ड क्रमांक 4 स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशन के बदले नकद राशि दिए जाने का आरोप लगाते हुए वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से शिकायत की है। आरोप है कि राशन दुकान संचालक द्वारा हितग्राहियों को नियमानुसार अनाज देने के बजाय नकद राशि लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मामले से परेशान वार्ड के करीब 70 से 80 हितग्राही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर को दिए गए शिकायत पत्र में वार्डवासियों ने कहा कि जगतपुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब परिवार निवास करते हैं और कई परिवारों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सरकारी राशन महत्वपूर्ण है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उचित मूल्य दुकान पर उन्हें निर्धारित राशन उपलब्ध कराने के बजाय नकद राशि देने की बात कही जा रही है। हितग्राहियों का कहना है कि उन्हें नकद राशि नहीं, बल्कि नियमानुसार अनाज चाहिए। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राशन वितरण की व्यवस्था में इस तरह की कथित मनमानी से गरीब परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है। उनका कहना है कि सरकारी राशन उनके परिवारों के भोजन का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए दुकान पर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
वार्डवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने और शिकायत सही पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत दर्ज कराने के दौरान वार्ड पार्षद अमृत काटजू और कांग्रेस महामंत्री विकास ठेठवार सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ शाखा यादव, नारायण घोरे, वैभव चौबे, कौशिक भौमिक, अजहर हुसैन, भारत तिवारी, पिन्टू शर्मा, कपिल तिग्गा, उर्मिला एक्का, अरुणा एक्का, सुषमा खलखो, 80 वर्षीय मुरारी खलखो, राधा कुजूर, राजकुमारी, जगनमोहन एक्का, नीलम टोप्पो, ललिता, मीरा खडिय़ा और कविता सागर सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।



