चन्द्रहासिनी इस्पात से गया था लोहा, 5 टन कम मिला

रायगढ़ । चन्द्रहासिनी इस्पात प्राईवेट लिमिटेड से लोहा लोड कर रायपुर की कंपनी पहुंचे ट्रक में पांच टन कम निकलने पर चालक से पूछताछ की गई। बजाए जवाब देने के ड्राईवर वाहन छोड़ कर फरार हो गया। इस पर कंपनी प्रबंधन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कम मिले पांच टन लोहे की कीमत लगभग तीन लाख रूपए है, जिसे वाहन चालक ने रास्ते में हेराफेरी कर दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी चालक के विरूद्ध धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी है। उक्त  मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। 

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्राईवेट लिमिटेड के सेल्स एक्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि विगत 9 सितंबर को ट्रक (क्रमांक सीजी 10 बीएस 7041) का चालक मुरली साहू उनके प्लांट से 38 हजार 9 सौ मीट्रिक टन लोहा लोड कर पवन पुत्र ट्यूब्स रायपुर के लिए रवाना हुआ था। वहीं दो दिन बाद 11 सितंबर को वह रायपुर स्थित पवन पुत्र ट्यूब्स पहुंचा जहां धर्मकांटा में वजन किये जाने पर उसमें से करीबन पांच टन लोहा जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रूपए है, कम पाया गया। निर्धारित मात्रा से लोहा कम मिलने पर उक्त कंपनी में चालक से पूछताछ करने पर चालक मुरली साहू गाड़ी छोड़ कर भाग गया।

जब इस बात की जानकारी चन्द्रहासिनी इस्पात के प्रबंधन को हुई तब चालक से मोबाईल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उसने फोन रिसीव ही नहीं किया। इस पर प्रबंधन की ओर से चालक के विरूद्ध अमानत में खयानत करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं पुलिस ने अर्पित पाण्डेय की रिपोर्ट पर आरोपी ट्रक चालक मुरली साहू पिता राजकुमार साहू निवासी रायपुर जिले के धरसीवां थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 316 (3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी पतासाजी प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *