गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत जरहीडीह गांव में चरित्र शंका को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेल्ट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरहीडीह निवासी राम कुमार का बीती रात अपनी 32 वर्षीय पत्नी मोनिका के साथ चरित्र संदेह को लेकर विवाद हुआ था। बात बढ़ने पर आरोपी ने आपा खो दिया और बेल्ट से मोनिका पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने बेल्ट से लगातार तब तक वार किए, जब तक मोनिका की जान नहीं चली गई।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा, मामले की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर शोभा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वारदात से जुड़ी अन्य परिस्थितियों और तथ्यों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।



