रायगढ़ । कोड़ातराई में प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। ग्राम पंचायत औरदा में संचालित स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की भूमि को अधिग्रहण से बाहर करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ किसान सभा के बैनर तले प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। प्रभावित क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उक्त स्कूल में औरदा सहित आस पास के गांव के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
कोड़ातराई में एयरपोर्ट के लिए प्रशासन द्वारा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करते हुए धारा 11 की अधिसूचना जारी की है। प्रभावित क्षेत्र में ग्राम पंचायत औरदा भी आ रहा है। वहीं औरदा के ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ किसान सभा के बैनर तले मोर्चा खोलते हुए सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधान मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए औरदा में संचालित स्वामी आत्मानंद उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय को अधिग्रहण से पृथक करने की मांग की है। ग्रामीणों द्वारा दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए जारी की गई धारा 11 की अधिसूचना में ग्राम औरदा में स्थित स्वामी आत्मानंद उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय का भवन एवं खसरा नंबर 250 को भी शामिल किया गया है।
उक्त विद्यालय में औरदा के साथ ही आस पास के अन्य गांव के विद्यार्थी भी अध्ययनरत है। विद्यालय का भवन एवं भूमि अधिग्रहण से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित होने के साथ ही उनके भविष्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। शासन द्वारा विकास कार्य कराये जाने के साथ ही शिक्षा एवं जनहित का सरंक्षण भी आवश्यक है। ग्रामीणों ने मांग की है कि उक्त विद्यालय को भूमि अधिग्रहण से तत्काल अलग करते हुए धारा 11 की अधिसूचना को निरस्त किया जाए।




