कवर्धा/ झलमला थाना क्षेत्र के शीतलपानी गांव में अवैध रेत परिवहन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जंगल से रेत लेकर भाग रहे एक ट्रैक्टर चालक पर ग्रामीणों को रौंदने की कोशिश करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों द्वारा वाहन को रोकने की कोशिश किए जाने पर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी, जिसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रैक्टर के खेत में घुसने के दौरान वहां पानी भरा हुआ था। पानी के कारण ट्रैक्टर की गति थम गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और चालक की जान भी बच गई।
चालक पर नशे में होने का आरोप, ग्रामीणों ने किया हंगामा
घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए उसे जमकर फटकार लगाई। ग्रामीणों का कहना था कि यदि ट्रैक्टर खेत में न घुसता और बेकाबू होकर आगे बढ़ता रहता, तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हंगामे के दौरान ग्रामीण ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे और विरोध जताया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। खेत में फंसे ट्रैक्टर को जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया।
पुलिस प्रशासन द्वारा इस पूरे घटनाक्रम और अवैध रेत परिवहन के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




