कोरबा में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, रक्षाबंधन पर मायके न पहुंचने से हुआ खुलासा

कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक युवक ने अपनी 33 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। रक्षाबंधन पर जब महिला मायके नहीं पहुंची, तब परिजनों की खोजबीन के दौरान इस वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विवाद और मारपीट में गई महिला की जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय संतोषी गांव में मनोज उरांव के साथ लिव-इन में रह रही थी। मनोज नशे का आदी था। 27 अगस्त को उसने संतोषी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपाने के लिए उसे बाड़ी में स्थित सेप्टिक टैंक में डाल दिया। इसके बाद वह संतोषी के भाइयों को लगातार गुमराह करता रहा।

सेप्टिक टैंक से बदबू आने पर खुला राज

रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों ने बाड़ी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला देखा। वहां से तेज बदबू आने पर जब उन्होंने जांच की, तो टैंक के भीतर संतोषी का शव नजर आया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव को सेप्टिक टैंक से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से गुमराह कर रहा आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *