अनियंत्रित भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

रायगढ़। साप्ताहिक बाजार खरीददारी करने जा रहे बाईक सवार की भारी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया था। वहीं मौके पर ही मुआवजा दिये जाने के बाद कहीं जाकर चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। उक्त सडक़ हादसा चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थानांतर्गत ग्राम सपनई निवासी लक्ष्मण पाव पिता मनोहर पाव (उम्र 34 वर्ष) मंगलवार की शाम को तकरीबन 6 बजे मनुवापाली बाजार खरीददारी करने निकला था। रास्ते में एमएसपी पार्किंग के पास किसी भारी वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसे ठोकर मार कर फरार हो गया। भारी वाहन की चपेट में आने से लक्ष्मण को गंभीर चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इधर जब सडक़ दुर्घटना की जानकारी मिली तब वहां आस पास के ग्रामीण जमा हो गये उन्होंने मृतक के परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं ग्रामीणों ने घटना स्थल पर ही मुआवजे की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया था। चक्रधरनगर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। वहीं रात तकरीबन 10 बजे मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी गई तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया और आवागमन सुचारू रूप से प्रारंभ हो पाया।

वहीं पुलिस ने मृतक लक्ष्मण पाव के शव को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *