नई दिल्ली। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के छात्रों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिलने जा रहा है। एनटीपीसी ने Electron Quiz 2026-27 की घोषणा की है। प्रतियोगिता का पहला क्षेत्रीय दौर 5 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होगा, जबकि ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को होगा। एनटीपीसी के अनुसार, इस वर्ष इलेक्ट्रॉन क्विज़ का आयोजन देश के नौ शहरों में किया जाएगा। इनमें लखनऊ, पटना, रांची, रायपुर, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा शामिल हैं। क्षेत्रीय दौर 5 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।
दो छात्रों की टीम करेगी भागीदारी
क्विज़ में दो छात्रों की टीम हिस्सा लेगी। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम ‘द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखी गई है। इसका उद्देश्य छात्रों को अपने ज्ञान को परखने के साथ-साथ उनकी तार्किक सोच, विश्लेषण क्षमता और सवालों के प्रभावी ढंग से जवाब देने की क्षमता को बढ़ावा देना है। क्षेत्रीय स्तर पर विजेता टीम को 60 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 40 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे से छठे स्थान तक रहने वाली टीमों को 8-8 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। क्षेत्रीय मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करेंगी। प्रत्येक क्षेत्र से शीर्ष दो टीमें तीन राष्ट्रीय सेमीफाइनल में हिस्सा लेंगी। इसके बाद प्रत्येक सेमीफाइनल से दो-दो टीमें राष्ट्रीय फाइनल के लिए चयनित होंगी।
7 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 8 अक्टूबर को ग्रैंड फिनाले
राष्ट्रीय सेमीफाइनल 7 अक्टूबर 2026 को और ग्रैंड फिनाले 8 अक्टूबर 2026 को एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI) में आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 60 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 40 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 16-16 हजार रुपये दिए जाएंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाली अन्य 12 टीमों को भी 8-8 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
2004 में हुई थी शुरुआत
एनटीपीसी का इलेक्ट्रॉन क्विज़ पिछले दो दशकों से अधिक समय से आयोजित किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 2004 में हुई थी। कंपनी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य छात्रों में सीखने की रुचि, ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देना है। समय के साथ यह प्रतियोगिता एनटीपीसी के प्रमुख छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों में शामिल हो गई है।
91 गीगावाट से अधिक की स्थापित क्षमता
एनटीपीसी भारत सरकार की महारत्न कंपनी और देश की प्रमुख एकीकृत ऊर्जा कंपनियों में से एक है। कंपनी की स्थापित क्षमता 91 गीगावाट से अधिक है। एनटीपीसी ने वर्ष 2032 तक 60 गीगावाट अक्षय ऊर्जा क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही कंपनी न्यूक्लियर पावर, बैटरी एनर्जी स्टोरेज, कार्बन कैप्चर और ग्रीन केमिकल्स जैसी उभरती तकनीकों के क्षेत्र में भी काम कर रही है।




