रायगढ़ । ट्रेक्टर के तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ से टकरा जाने पर चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस द्वारा शव का पीएम कराते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। उक्त घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम सलखिया निवासी शिव मांझी पेशे से ट्रेक्टर ड्राईवर था तथा सलखिया आश्रम में ड्राईवारी अथवा रोजी मजदूरी का काम करने जाता था।
मंगलवार की सुबह तकरीबन साढ़े 8 बजे वह आश्रम काम करने गया था तथा सलखिया आश्रम से ट्रेक्टर (क्रमांक सीजी 13 डी 8360) को चलाते लेकर डीजल भरवाने के लिए लैलूंगा पेट्रोल पंप निकला था। रास्ते में ट्रेक्टर की रफ्तार तेज होने की वजह से वह उस पर से नियंत्रण खो बैठा जिसकी वजह से हनुमान मंदिर घाट सलखिया के पास ट्रेक्टर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे सराई पेड़ से टकरा गई।
इस घटना में शिव मांझी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आस पास के लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था परंतु रास्ते में ही शिव मांझी ने दम तोड़ दिया। वहीं घटना की सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम उपरांत अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।




