सरकारी जमीन को हड़पा था, क्रेता और विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

रायगढ़। धरमजयगढ़ में सरकारी जमीनों के लूट का एक मामला आखिर एफआईआर तक पहुंच गया। तिकड़मबाज व्यक्ति ने सरकारी जमीनों को भूमिस्वामी हक में दर्ज करवाया। फिर बाद में अपने नाम पर रजिस्ट्री करवा ली। इस मामले में धरमजयगढ़ थाने में क्रेता राजू यादव और विक्रेता फूलेश्वरी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला बेहद रोचक है। एसीबी ने धरमजयगढ़ में एसडीएम कार्यालय के बाबू अनिल कुमार चेलक को एक ग्रामीण राजू कुमार यादव से 1 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। ग्राम अमलीटिकरा तहसील धरमजयगढ़ निवासी राजू यादव ने एसीबी से शिकायत की थी कि उसने अमलीटिकरा में एक जमीन क्रय की थी।

रजिस्ट्री के बाद नामांतरण भी हो चुका है। बाबू ने उससे कहा कि जमीन में कुछ गड़बड़ी है। इस संबंध में एक शिकायत हुई थी, जिसे दबाने के लिए बाबू ने दो लाख रुपए की मांग की थी। एसीबी की कार्रवाई के बाद मामले की जड़ खोजी गई। वह जमीन जिसकी रजिस्ट्री राजू के नाम पर हुई थी, वही सरकारी निकली। दरअसल 17 जनवरी 2025 को राजू यादव ने फूलेश्वरी पति मानिकदास निवासी अमृतपुर से पांच खसरा नंबरों की जमीन खरीदी थी। खनं 348/2 रकबा 0.121 हे., खनं 349/2 रकबा 0.161 हे., खनं 334 रकबा 0.260 हे., खनं 355/2 रकबा 0.382 हे. और 357/2 रकबा 0.387 हे. कुल 1.312 हे. की रजिस्ट्री 17 जनवरी 2025 को राजू यादव के नाम पर हुई।

राजस्व अभिलेख देखने पर पता चला कि अमलीटिकरा एक मसाहती ग्राम था जिसका सर्वे 1985-86 में हुआ था। 1985-86 के अधिकार अभिलेख में खनं 334, 348, 349, 355 और 357 दखल रहित और अकृषि योग्य शासकीय भूमि दर्ज है। 2001-02 में पांचों खसरा नंबरों को पटवारी ने खसरा पांचशाला में फूलेश्वरी पति मानिकदास का नाम दर्ज कर दिया। इसके बाद अवैध तरीके से 17 जनवरी 2025 को पांचों खसरों की रजिस्ट्री राजू पिता गुरवारु यादव के नाम पर हो गई। धरमजयगढ़ थाने में राजू यादव और फूलेश्वरी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 3 (5), 318 (4) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

मामला सामने आते ही कलेक्टर ने एसडीएम धरमजयगढ़ को जांच और कार्रवाई का आदेश दिया था। तहसीलदार धरमजयगढ़ ने जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। लेकिन सरकारी जमीन को भूमिस्वामी हक में दर्ज करने वाले पटवारी और 17 जनवरी 2025 को रजिस्ट्री के बाद नामांतरण करने वाले तत्कालीन तहसीलदार भोजकुमार डहरिया के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। आने वाले दिनों में धरमजयगढ़ में कई अफसरों के बड़े कारनामे सामने आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *