खिसोरा में 21 वर्षीय युवक की मौत, खेत में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर-चांपा | नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा में 21 वर्षीय युवक उदय कुमार कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सुबह युवक के घर पर नहीं मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत की ओर गए लोगों ने एक युवक का शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना सरपंच और परिजनों को दी गई।

जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना नवागढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल युवक की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद परिवार सदमे में है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *