धरमजयगढ़ के रेप के मुल्जिम शुभम ने बाल सुधार गृह में लगाई फांसी

बिलासपुर । बिलासपुर में बाल सुधार गृह में नाबालिग की लाश बाथरूम में फंदे से लटकी हुई मिली। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि लड़के ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतक रायगढ़ जिले का रहने वाला था। उसे नाबालिग लड़की से रेप केस में पकड़ा गया था। 15 अगस्त को ही बाल न्यायालय के आदेश से उसे संप्रेक्षण गृह लाया गया था। बताया जा रहा है कि नाबालिग घटना से पहले तनाव में था और बाल सुधार गृह से बाहर आने के लिए परिजनों से जिद कर रहा था। मामले की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, शुभम अघरिया (17) रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव का रहने वाला था। उस पर एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप था। शिकायत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और कोर्ट में पेश किया। सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या के मुताबिक, शुभम को 15 अगस्त को रायगढ़ से बिलासपुर के बाल सुधार गृह लाया गया था। इससे एक दिन पहले 14 अगस्त को उसकी गिरफ्तारी हुई थी और उसे कोर्ट में पेश किया गया था। बताया जा रहा है कि बाल सुधार गृह आने के बाद से वह मानसिक तनाव में था। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि शुभम ने घटना से एक दिन पहले ही अपने परिजनों से बात की थी। उसकी हरकतों को लेकर परिजन उससे नाराज थे। वहीं, शुभम बाल सुधार गृह से बाहर आने के लिए परिजनों से जिद कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह काफी मानसिक तनाव में था।

सुबह उठा फिर नहाने से पहले लगाई फांसी

पुलिस ने बाल सुधार गृह के चौकीदार और वहां मौजूद दूसरे लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि शुभम रात में खाना खाने के बाद सो गया था। मंगलवार सुबह चौकीदार ने संप्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों को उठाया। इसके बाद शुभम बाथरूम जाने के लिए निकला था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *