मिलूपारा में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 34 लोगों को मिला लाभ

आरोग्य दीप 3.0 के तहत मनोरोग विशेषज्ञ ने किया परामर्श एवं काउंसिलिंग

मिलूपारा। स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, गारे-पेलमा IV/4 कोल माइंस, बालजोर के CSR सहयोग तथा नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति, रायगढ़ के आयोजन में संचालित स्वास्थ्य सशक्तिकरण श्रृंखला ‘आरोग्य दीप 3.0’ के अंतर्गत गुरुवार को मिलूपारा में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 34 लोगों को लाभ मिला। शिविर में मिलूपारा, कोडकेल, मड़वाडुमर, बाजीखोल, खर्रा एवं पेलमा सहित आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. ओम पांडा से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं काउंसिलिंग प्राप्त की। इनमें 21 लोगों को चिकित्सकीय परामर्श तथा 13 लोगों को काउंसिलिंग प्रदान की गई।

शिविर में अवसाद (Depression), चिंता एवं तनाव (Anxiety and Stress), मनोविकृति (Psychosis), मनोग्रसित बाध्यता विकार (OCD), श्रवण मतिभ्रम (Auditory Hallucination) तथा अनिद्रा जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर परामर्श दिया गया। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं तथा कुछ लोगों को आगे की चिकित्सा एवं थेरेपी लेने की सलाह भी दी गई। इस अवसर पर हिंडाल्को CSR की ओर से आंचल चौहान तथा नवसृजन शिक्षा एवं जन सेवा समिति की ओर से श्री किशोर पटनायक, श्री दुर्गा शंकर नायक, श्रीमती संतोषी मेहर, श्रीमती भंजनी गुप्ता एवं श्रीमती संतोषी सिदार उपस्थित रहे।

शिविर के सफल आयोजन में मिलूपारा के सरपंच श्री उद्धव राम, श्री फरस राम, गांव की मितानिनों एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, लोगों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना तथा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समय पर उपचार के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और इसके प्रति जागरूकता एवं समय पर उपचार स्वस्थ समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *