तीन आरोपी गिरफ्तार,मामूली विवाद पर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला

  • हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से किया था हमला
  • आरोपी के मकान से वारदात में प्रयुक्त तलवार और कपड़े बरामद
  • तीन आरोपी जेल भेजे गए, चौथे की तलाश में जुटी पुलिस

रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

मामले में प्रार्थी मनोज पानीकर (49 वर्ष), पिता नंदकिशोर पानीकर, निवासी सोनुमुड़ा सोनकरपारा ने 31 अक्टूबर 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट और किट्टु सिदार अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी का तेल खत्म होने की बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे।

प्रार्थी ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो आरोपियों ने एक राय होकर उसके और उसके पुत्र प्रिंस के साथ हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से मारपीट कर चोट पहुंचाई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रार्थी और गवाहों के बयान तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाद में प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।

आरोपियों की निशानदेही और पतासाजी के दौरान पुलिस ने दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को उनके घर से पकड़ा। दिनदयाल भट्ट के मकान से वारदात में इस्तेमाल तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। तलवार की लंबाई-चौड़ाई के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु (28 वर्ष), पिता महेत्तर भट्ट, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु (18 वर्ष 1 माह), पिता अश्वनी सिंह सिदार और छबी भट्ट उर्फ डब्बु (42 वर्ष), पिता स्व. छेदीलाल भट्ट शामिल हैं। तीनों आरोपी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, रायगढ़ के निवासी हैं। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले का एक अन्य आरोपी धनी भट्ट फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश राजपूत और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *