भू-अर्जन प्रक्रिया में कुछ विलंब, पीडब्ल्यूडी के इस्टीमेट पर फैसला अभी नहीं
रायगढ़/ रायगढ़ में रिंग रोड को लेकर अब थोड़ा कन्फ्यूजन हो गया है। बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट की जरूरत और लागत को देखते हुए केंद्रीय राजमार्ग सडक़, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भी फंडिंग कर सकता है। एलाइनमेंट को अंतिम मंजूरी मिलने पर सबकुछ निर्भर है। रायगढ़ शहर के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण होना है। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पहल पर जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट की फाइल तेजी से चलाई। युद्ध स्तर पर काम करते हुए पीडब्ल्यूडी ने सर्वे करवाकर एलाइनमेंट भी फाइनल कर दिया। इसके पहले पीडब्ल्यूडी एनएच ने भी इस प्रोजेक्ट में रुचि दिखाई थी।
अब इस प्रोजेक्ट में केंद्र और राज्य सरकार के बीच अंतिम निर्णय होना बाकी है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट को बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। एनएच की ओर से बैठक में भी बात रखी गई है। जो एलाइनमेंट पीडब्ल्यूडी ने तय किया है, उसमें दो रास्ते हैं। गजमार पहाड़ को काटने या उसके अंत में रिंग रोड को घुमाकर वापस रायगढ़ की ओर मोडऩे पर अंतिम फैसला होना है। रिंग रोड को शहर के नजदीक से ले जाने में मेडिकल कॉलेज के आगे पहाड़ रुकावट बन रहा है। पहले सोचा गया था कि पहाड़ को काटकर रोड बनाएंगे। एक विकल्प पहाड़ के अंत में रिंग रोड को घुमाकर वापस लाने का भी है। जिस एलाइनमेंट को फाइनल एप्रूवल मिलेगा, उसी हिसाब से फंडिंग भी होगी। दरअसल रिंग रोड की लागत के कारण विलंब हो रहा है।
भू-अर्जन में लगेंगे करोड़ों रुपए
रायगढ़ के चारों ओर भौगोलिक परिस्थितियों और फिजिबिलिटी के कारण प्रोजेक्ट में कुछ बाधा आ गई है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी के सर्वाधिक प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट में रिंग रोड शामिल है। भारी वाहनों के ट्रैफिक को अलग रूट से गुजारने के लिए यह जरूरी है। पिछले दिनों एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई थी। कहा जा रहा है कि रिंग रोड में केंद्र सरकार भी फंड देगा। संभव है कि कुछ हिस्सा पीडब्ल्यूडी बनाए और कुछ एनएचएआई। पीडब्ल्यूडी ने सर्वे करके एलाइनमेंट तय किया है। इस प्रोजेक्ट में 300 करोड़ से भी अधिक लागत आएगी।
ग्राम प्रभावित भूमि
भेलवाटिकरा 3.17 हे.
रेगड़ा 4.19 हे.
भिखारीमाल 0.10 हे.
गोपालपुर 4.38 हे.
पंडरीपानी 6.46 हे.
जुर्डा 3.71 हे.
नवापाली 3.15 हे.
मिड़मिड़ा 1.22 हे.
डूमरमुड़ा 1.74 हे.
टारपाली 1.79 हे.
कुल 29.94 हे.




