- ग्रामीण युवाओं के लिए खुले आसमान, खेल सुविधाओं का होगा विस्तार
- शिलान्यास कार्यक्रम में दिखा ग्रामीणों का उत्साह, इलाके में खुशी की लहर
रायगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से एनटीपीसी लारा ने एक अहम कदम उठाया है। सीएसआर पहल के तहत ग्राम अरमुड़ा में एक नए और सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम के निर्माण की आधारशिला रखी गई है। यह स्टेडियम आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल की दुनिया में आगे बढ़ने का प्रमुख केंद्र साबित होगा। स्टेडियम के भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने शिरकत की। उनके साथ महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) कातंगुर सुष्मिता रेड्डी, महाप्रबंधक (परियोजनाएं) राजन कुमार श्रीवास्तव और अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) जाकिर खान समेत एनटीपीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ग्राम सरपंच और भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने भी उत्साह के साथ इस विकास कार्य का स्वागत किया।
शारीरिक और मानसिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
इस प्रस्तावित स्टेडियम का मुख्य लक्ष्य अरमुड़ा और इसके आसपास के दर्जनों गांवों के खेल प्रेमियों को एक सुव्यवस्थित मंच प्रदान करना है। अब तक उचित मैदान और सुविधाओं के अभाव में संघर्ष करने वाले स्थानीय युवाओं को अब अपनी प्रतिभा तराशने का मौका मिलेगा। इससे न केवल विभिन्न खेल गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी विकास होगा।
औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक उत्थान पर जोर
एनटीपीसी लारा प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह पहल उनके समावेशी और सतत सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता का हिस्सा है। औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ स्थानीय जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है। जानकारों का मानना है कि इस स्टेडियम के बनने से न सिर्फ युवाओं में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता आएगी, बल्कि ग्रामीण अंचल से उम्दा खिलाड़ी निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रायगढ़ का नाम रोशन करेंगे।








