खरसिया का आरोपी गिरफ्तार,मंदिर में सिंदूर भरकर रचाया शादी का ढोंग, फिर युवती की इज्जत लूटकर मुकरा

रायगढ़। शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने और बाद में विवाह से मुकरते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई ‘अभियान संवेदना’ के तहत की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खरसिया थाना क्षेत्र निवासी सागर पटैल उर्फ छोटू (22 वर्ष) पिता सेतराम पटैल के रूप में हुई है।

मंदिर में मांग भरकर घर ले गया, फिर किया इनकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय पीड़िता ने 20 नवंबर को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह आरोपी सागर पटैल को पहले से जानती थी। जुलाई 2024 में आरोपी ने उससे शादी करने की इच्छा जताई थी। युवती के परिजनों द्वारा रिश्ते पर असहमति जताने के बाद, 7 सितंबर 2026 की रात आरोपी युवती के घर पहुंचा और शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन वह युवती को ट्रेन से बिलासपुर ले गया और एक मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी होने की बात कहकर अपने घर ले आया।

परिजनों ने की सामाजिक विवाह की बात, तो दी धमकी

युवती आरोपी के घर पर रहने लगी। जब युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने आरोपी से सामाजिक रीति-रिवाज से विधिवत विवाह करने की बात कही। इस पर आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। दबाव बनाने पर आरोपी ने युवती को जान से मारकर फेंक देने की धमकी भी दी।

खरसिया में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा

पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की धारा 69 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश और एएसपी अनिल सोनी व डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त की टीम ने तत्काल खरसिया में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश

“महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और पीड़िता को धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िताओं को त्वरित न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *