खैर लकड़ी का परिवहन, एक ट्रक जब्त

रायगढ़ । धरमजयगढ़ वन मण्डल से भी खैर लकड़ी की तस्करी चल रही है। वन विभाग की टीम ने बाकारूमा लैलूंगा मार्ग पर खैर लकड़ी परिवहन कर रही एक ट्रक को जब्त किया है। अंधेरे का फायदा उठाते हुए चालक फरार हो गया। फिलहाल, विभाग की टीम लकड़ी की मात्रा परिवहन से जुड़े दस्तावेज व ट्रक मालिक की जानकारी जुटाने में लग गई है। रायगढ़ जिले में खैर लकड़ी की तस्करी व्यापक पैमाने पर हो रही है।

रायगढ़ वन मण्डल द्वारा पिछले दिनों खैर लकड़ी तस्करी मामले में पुलिस विभाग के साथ मिल कर गिरोह के मुख्य सरगना मनीष अग्रवाल व रोहित मित्तल सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा शेष फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। इसी बीच धरमजयगढ़ वन मण्डल से भी खैर लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बाकारूमा रेंज में वन विभाग की टीम बुधवार की तडक़े हाथियों की निगरानी में लगी थी, इसी दौरान खैर लकड़ी की अवैध रूप से तस्करी होने की सूचना मिलने पर बाकारूमा रेंजर विष्णु मरावी ने तत्काल इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।

वहीं उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर 6 सदस्यीय टीम का गठन कर बाकरूमा-लैलूंगा मार्ग पर दबिश दी गई जहां धातुनपारा के पास आ रही एक ट्रक (क्रमांक यूपी 67 एटी 1395) पर शंका होने से उसे रोक कर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में खैर लकड़ी लोड थी। वहीं अंधेरे का फायदा उठाते हुए ट्रक चालक वाहन छोड़ कर फरार हो गया। वन विभाग की टीम ने लकड़ी सहित ट्रक को जब्त कर उसमें लोड खैर लकड़ी की मात्रा, परिवहन से जुड़े दस्तावेज व ट्रक मालिक की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *