- आपदा को अवसर बनाने वाले नेताओं को मिली नाकामी, निगम की टीम ने हटाया अतिक्रमण
रायगढ़। रायगढ़ में आपदा को अवसर में बदलने वाले जनप्रतिनिधि भी कम नहीं हैं। जहां मौका मिलता है, दुकानदारी शुरू हो जाती है। नगर निगम ने रोड चौड़ा करने के लिए आरपीएफ बैरक की 160 मीटर बाउंड्री तोड़ दी। इससे पहले ही शराब दुकान के सामने एक अवैध चखना दुकान खुल गई थी। मतलब रोड चौड़ी होने के पहले ही मौके का फायदा उठाया गया। निगम की टीम ने इसे भी हटा दिया। बड़पारा शराब दुकान के कारण भारी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा रोड पर रोज जमा होता है। पूरी सडक़ में कचरा भरा होता है। अतिक्रमण की वजह से रोड की चौड़ाई घट गई थी। नगर निगम ने बड़पारा आरपीएफ बैरक की करीब 160 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल को अतिक्रमण मुक्त कराया है।
जेसीबी की मदद से बाउंड्री हटाए जाने के बाद सडक़ चौड़ीकरण आसानी से हो सकेगा। करीब 6 मीटर चौड़ी सडक़ का निर्माण कराया जाना है। इसके पहले ही रोड किनारे एक अवैध चखना दुकान तैयार हो गया था। बताया जा रहा है कि कुछ जन प्रतिनिधियों ने सडक़ चौड़ी होने की भनक लगते ही वहां दुकान खुलवा दी। दुकान संचालक को आश्वासन दिया गया था कि उसे नहीं हटाया जाएगा। आबकारी विभाग को भी इसकी सूचना दी गई जिसके बाद दुकान संचालक को नोटिस दिया गया था। रोड चौड़ा करने के बजाय दुकान बना ली गई थी, ताकि शराबियों को चखना बेचा जा सके। निगम की टीम ने इस दुकान को भी हटा दिया है। कार्रवाई को रोकने के काफी प्रयास किए गए।
कई इलाकों में बन रही अवैध दुकानें
वित्त मंत्री ओपी चौधरी रायगढ़ शहर का कायाकल्प करने के लिए कई बड़े काम मंजूर किए हैं। काम शुरू भी हो चुके हैं। शहर की सडक़ों को चौड़ा करने का भी एक खाका तैयार किया जा रहा है। लेकिन कुछ जनप्रतिनिधि ही इस काम में रोड़ा अटका रहे हैं। जहां खाली जमीन दिख रही है, गुमटी और दुकान बनाकर वसूली की जा रही है। चक्रधर नगर क्षेत्र में भी नगर निगम सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। कुलपति निवास के आसपास भी अतिक्रमण हो रहा है।





