युवती पर एसिड अटैक का खुलासा : 8 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

कथित प्रेमी ने रची थी साजिश, CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद शहर के सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड बताए जा रहे युवती के प्रेमी यश कुमार सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती का अन्य से अफेयर और शादी के लिए तैयार नहीं होने से नाराज यश ने करीब तीन महीने पहले ही एसिड अटैक की साजिश रची थी।

लाइब्रेरी से घर लौटते समय किया हमला

जानकारी के मुताबिक, बालोद शहर निवासी युवती रोज की तरह सोमवार को लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तांदुला डैम की ओर भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में सर्च अभियान शुरू किया गया।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज

उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटना स्थल के साथ-साथ शहर के अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर गया।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में कई मनगढ़ंत कहानियां बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। कड़ाई से पूछताछ में उसने युवती से प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की और बताया कि युवती का किसी अन्य जगह अफेयर था और वह शादी के लिए तैयार नहीं थी, जिससे वह नाराज था।

तीन महीने पहले बनाई थी एसिड अटैक की योजना

पुलिस के मुताबिक, यश ने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, बीजापुर के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी। यश के कहने पर करण 26 सितंबर को बालोद पहुंचा। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई थी। हालांकि, उस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

5 अक्टूबर को दिया वारदात को अंजाम

इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी यश के कहने पर करण कुंजाम ने उस पर एसिड फेंक दिया। वारदात के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध पहुंचा। वहां से लिफ्ट लेकर वह झलमला और मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचा। इधर, यश के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने करण की तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।

एसिड और वारदात के समय पहने कपड़े जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की है। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़ों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *