परीक्षार्थियों का कलावा काटने के मामले ने सियासी रंग लिया, दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज 

रायगढ़ । रविवार को व्यापमं द्वारा आयोजित सेट परीक्षा के दौरान चांदमारी स्कूल में महिला परीक्षार्थियों के हाथ में बंधे कलावा को काटने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक परीक्षार्थी ने तदाशय की रिपोर्ट सिटी कोतवाली में कराई है। पुलिस ने महिला अधिकारी सहित अन्य पुरूष अधिकारी के विरूद्ध धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। रविवार को व्यापमं द्वारा आयोजित सेट परीक्षा के दौरान चांदमारी स्कूल में परीक्षार्थियों के हाथ में बंधे कलावा को काटने की बात को लेकर काफी हंगामा मचा था। परीक्षार्थी संभावी तिवारी ने इसका विरोध करते हुए कलावा नहीं काटने देने की बात कही।

वहीं इस बात की जानकारी मिलने पर बजरंग दल एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता भी चांदमारी स्कूल पहुंच कर विरोध जताते हुए काफी हंगामा मचाया था। वहीं काफी बवाल मचने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए समिति का गठन करने का आश्वासन दिया था। इसके साथ ही हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ परीक्षार्थी संभावी तिवारी ने सिटी कोतवाली मेंं पहुंच कर लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। संभावित तिवारी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वह शासकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी सेंटर में परीक्षा देने के लिए गई थी, जहां उपस्थित

अधिकारी हेमलता साहू द्वारा मेरे हाथ में पहने गए कलावा को काटने के लिये कहा गया। मैंने उसका विरोध कर नहीं कटवाने की बात रखी वहां पर अन्य परीक्षार्थियों का कलावा दबाव पूर्वक कटवाया जा चुका था, मंैने विरोध कर अपना कलावा नहीं काटने दिया। जिस पर मुझे उक्त महिला अधिकारी एवं अन्य पुरूष पर्यवेक्षक द्वारा इसका परीणाम अच्छा नहीं होगा एवं आप स्वयं जिम्मेदारी लेंगे कह कर डराया भी गया। इससे मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुई एवं पूरे परीक्षा के दौरान मुझे अत्यंत मानसिक तनाव रहा। उसने कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं कोतवाली पुलिस ने कृष्णा डायमण्ड हिल्स कॉलोनी निवासी परीक्षार्थी संभावी तिवारी पिता नरोत्तम तिवारी की शिकायत पर महिला अधिकारी हेमलता साहू एवं अन्य पुरूष अधिकारी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *