रायगढ़। चाम्पा से बिलासपुर के बीच चौथी लाईन का काम चल रहा है जिसकी वजह से ट्रेनों की लेटलतीफी हो रही है। रायगढ़ रेल्वे स्टेशन में प्रथम चरण का कार्य चल रहा है जो दिसंबर तक पूरा हो जायेगा। इसके साथ ही द्वितीय चरण के भी कुछ विकास कार्य शुरू किये जायेंगे। स्टेशन के बाहर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए स्थानीय लोगों के सुझाव लेकर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। उक्त बातें दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने अपने रायगढ़ प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही। दक्षिण पूर्व मध्य रेल्वे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश गुरूवार को बिलासपुर मण्डल के चाम्पा से रायगढ़ के बीच चल रहे विकास कार्य, अधोसरंचना के कार्य व सुरक्षा के कार्यों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अपने मातहत अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ द्रुत गति से कार्य करने के निर्देश दिये। वहीं देर शाम रायगढ़ पहुंचे जीएम तरूण प्रकाश ने रेल्वे प्लेटफार्म चर चल रहे कार्य के साथ ही नए बुकिंग काउण्टर व मुख्य द्वार का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन के बाहर पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने चल रहे कार्यों के साथ- साथ सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा की। इस दौरान मीडिया से हुई चर्चा में तरूण प्रकाश ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी रेल्वे स्टेशन में बेहतर सुविधाएं प्रदान करें और इसके लिए कई स्टेशनों पर विकास कार्य चल रहे हैं। वहीं रायगढ़ रेल्वे स्टेशन में चल रहे कार्यों की धीमी गति को लेकर उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में 13 करोड़ रूपए के कार्यां की स्वीकृति प्रदान की गई थी .
इसके साथ ही समय-समय पर आम जनता व जनप्रतिनिधियों के द्वारा दिये गये सुझावों को भी शामिल कर दोनों प्रकार के कार्यों को साथ- साथ चलाया जा रहा है। प्रथम चरण के कार्य दिसंबर तक पूर्ण हो जायेगें। उन्होने कहा कि इसके साथ ही रायगढ़ रेल्वे स्टेशन में प्लेटफार्म को विकसित करना, कवर्ड शेड का विस्तार, एक और बड़ा फुट ओवर ब्रिज निर्माण, दूसरी तरफ व्यवस्थित रूप से अंदर आने और बाहर जाने के लिए कार्य करना ये सभी कार्य भी स्वीकृत हैं और इनका भी काम चल रहा है। गतिशक्ति यूनिट की देखरेख में इन सभी कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं सुरक्षा को लेकर उन्होने कहा कि सुरक्षा हमारा प्रथम उत्तरदायित्व है जिसमें किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं है।
ऐसे में हमारे सभी अधिकारी सुरक्षा को लेकर कार्य करने की प्रणाली ही लगातार समीक्षा करते रहते हैं और उस समीक्षा में जहां भी कुछ सुधार करने की जरूरत महसूस होती है उसमें सुधार करने में लगातार कार्य करते रहते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर तरूण प्रकाश ने कहा कि खरसिया से परमलकसा तक 278 करोड़ की लागत से नई रेल लाईन के विस्तार की योजना है इसमें ऐसे कई क्षेत्र भी शामिल हैं जहां रेल सुविधाएं नहीं है।वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर पूछे गये सवाल में जीएम तरूण प्रकाश ने कहा कि झारसुगड़ा से चाम्पा तक चौथी लाईन का कार्य पूरा हो चुका है, परंतु चाम्पा से बिलासपुर तक कुछ खण्ड में काम अधूरा है, जिसमें चाम्पा से नैला व नैला से अकलतरा तथा बिलासपुर से गतौरा के बीच काम चल रहा है।
हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द ये काम पूरे हो जाएं ताकि बेहतर से बेहतर समय पर ट्रेनों के आवागमन की सुविधा मिल सके।



