- कितना किराया लेता है ट्रस्ट, एग्रीमेंट और रसीदें कहां हैं, सभी संपत्तियों की खुलेगी फाइल
रायगढ़ । सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्तियों से टैक्स मिलने लगे तो नगर निगम मालामाल हो जाएगा। इसके उलट लोगों ने सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की प्रॉपर्टी को हथियाकर मनमाना निर्माण कर लिया है। संपत्तियों की पहली सूची के स्टेशन चौक रोड की सामने आई है। इस रोड पर किरोड़ीमल ट्रस्ट की 14 संपत्तियां हैं। सबका व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है। टैक्स देने के नाम पर ट्रस्ट का नाम लिया जा रहा है। सेठ किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट की संपत्तियों की जो सूची मिली है उसे देखकर हैरानी हो रही है। जिसको जहां संपत्ति मिली, किसी तरह से हथिया ली। इसके लिए कोई अघोषित एग्रीमेंट हुआ होगा।
प्रशासन ने जब ट्रस्ट की सभी संपत्तियों की सूची निकालने का आदेश दिया तो नगर निगम ने इस पर काम किया। नगर निगम क्षेत्र में ट्रस्ट की 295 संपत्तियां हैं, जो अरबों की हैं। सबसे पहले स्टेशन चौक रोड की बात करते हैं। इस रोड पर किरोड़ीमल ट्रस्ट की 14 संपत्तियां स्थित हैं। कुछ दुकानों का स्वरूप बार-बार बदलता रहता है क्योंकि मालिक बदलते रहते हैं। इन 14 संपत्तियों में 13 दुकानें हैं। इन पर बड़ी आलीशान बिल्डिंग भी खड़ी हो गई है। कई में तो किराएदार ही कोई और है। ट्रस्ट की संपत्ति को पहले हासिल किया गया, फिर किराए पर चढ़ाकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। ट्रस्ट के पदाधिकारी इन संपत्तियों को अपनी निजी समझकर उपभोग कर रहे हैं। इनको जनहित से कोई वास्ता नहीं। प्रशासनिक नियमों से छूट देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाते हैं।
चैरिटेबल ट्रस्ट का दावा करके टैक्स से मांगते हैं राहत
उदाहरण के लिए स्टेशन चौक रोड में जिंदल प्लाईवुड को 2000 वर्गफुट का गोदाम दिया गया है, जिस पर आलीशान भवन खड़ा हो गया है। महेन्द्र टायर को कुल 3500 वर्गफुट की दो दुकानें दी गई हैं। कई दुकानों का हुलिया बदल चुका है। स्टेशन चौक रोड की संपत्तियों की अनुमानित कीमत करोड़ों में होगी। यह सबसे महंगे क्षेत्रों में से एक है, लेकिन ट्रस्ट ने इन दुकानों का आवंटन कब और किन शर्तों पर किया है, यह जांच में सामने आएगा।
दुकानों का विवरण
- जिंदल प्लाईवुड 2000 वर्गफुट गोदाम
- राकेश बंसल 900 वर्गफुट गोदाम
- राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल 700 वर्गफुट आवासीय
- राजेंद्र गुप्ता 225 वर्गफुट दुकान
- मदनगोपाल गुप्ता 200 वर्गफुट दुकान
- योगेश पंजाबी 208 वर्गफुट दुकान
- महेन्द्र टायर 2100 वर्गफुट दुकान
- राजेश मोड़ा इंटरप्राइजेस 1620 वर्गफुट दुकान
- किरण बंसल 840 वर्गफुट दुकान
- स्व. मंगतराम 780 वर्गफुट दुकान
- महेन्द्र टायर 1400 वर्गफुट दुकान
- अमित तलरेजा 208 वर्गफुट दुकान
- खेमका ट्रांसपोर्ट 700 वर्गफुट दुकान



