खरसिया में मामूली विवाद पर युवक की पीठ में चाकू घोंपा, आरोपी फरार

  • गंभीर रूप से घायल अजय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती, पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

खरसिया । खरसिया थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गंभीर रूप से घायल युवक का रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे खरसिया के नया बस स्टैंड के पास पुरानी बस्ती निवासी अजय राजपूत और पठान पारा निवासी फैजान उर्फ फैज के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई।

बात बढ़ने पर गुस्से में आए फैजान ने अजय की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से अजय को गंभीर चोट आई। राहगीरों और परिजनों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों के बीच विवाद की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि आरोपी फैजान हाल ही में जेल से छूटकर आया था और उसे आदतन बदमाश बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

इस संबंध में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अजय राजपूत और फैजान उर्फ फैज के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान फैजान ने अजय की पीठ पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल अजय का रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार जारी है। चौकी प्रभारी ने यह भी बताया कि विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी फैजान हाल ही में जेल से छूटकर आया था। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *