रायगढ़। तेज रफ्तार बाईक के अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप की दीवार से टकरा जाने पर मोटरसायकिल के पीछे बैठे ग्रामीण को गंभीर चोट आई, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दुपहिया चालक भी जख्मी हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ ढाबा में खाना खाने गया था तथा वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। उक्त घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है।इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुसौर थानांतर्गत बाघाडोला निवासी कार्तिक माली एवं शेषपाल पाव बुधवार की शाम को तकरीबन 7 बजे अपने दोस्त नावापारा अ निवासी भरत साव के घर आये जहां उनका एक और मित्र अभिराम भोय के
साथ मिलकर वे चारों खाना खाने मन्नत ढाबा गये थे। खाना खाने के बाद वापस घर जाने के दौरान अभिराम भोय ने अपनी पल्सर बाईक (क्रमांक सीजी 13 एवी 9939) में कार्तिक माली को बैठाया था। वहीं एक अन्य बाईक में भरत साव व शेषपाल पाव आ रहे थे। इसी दौरान केसाईपाली पेट्रेल पंप के पास बाईक के तेज रफ्तार होने के कारण अनियत्रित होकर पेट्रोल पंप की दीवार से जा टकराई। मोटरसायकिल के दीवार से टकराने पर पीछे बैठे कार्तिक माली को सिर व नाक में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया तथा बाईक चालक अभिराम भोय भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।
डायल 112 की मदद से उसे पुसौर स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रायगढ़ रेफर कर दिया था। वहीं मेकाहारा में उसका उपचार जारी है। दूसरी ओर कार्तिक माली के शव को पुसौर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सांैपते हुए बाईक चालक अभिराम भोय के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।



