शहर में सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की 295 संपत्तियां, कोई नहीं देता टैक्स

  • नगर निगम ने प्रशासन से पूछा कि नियम क्या है, किसी ने दो मंजिला शोरूम बना लिया तो किसी ने बहुमंजिला मकान, 140 का व्यावसायिक इस्तेमाल

रायगढ़,। सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगालने काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने रायगढ़ में ट्रस्ट की सभी संपत्तियों की जानकारी निकाली है। नगर निगम के रिकॉर्ड में ट्रस्ट की 295 संपत्तियां हैं जो करोड़ों की नहीं, अरबों की हैं। लेकिन टैक्स के नाम पर एक फूटी कौड़ी नहीं मिलती। भले ही काबिज व्यापारी इस संपत्ति का भरपूर उपभोग कर रहा हो, लेकिन ट्रस्ट का नाम लेकर टैक्स देने से इंकार कर देता है। आखिरकार सेठ किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्तियों को खंगालने का काम शुरू हो चुका है। ट्रस्ट पंजीयन के नियमों के आधार पर संपत्तियों का हो रहा उपयोग अब निशाने पर है।

सेठ किरोड़ीमल धर्मादा ट्रस्ट कभी जनहित के लिए काम करता था लेकिन अब इसका नामोनिशान नहीं है। जो अस्पताल, धर्मशाला चलते थे, अब वहां कुछ भी नहीं बचा। सबका स्वरूप बदल गया है। नगर निगम ने किरोड़ीमल ट्रस्ट की शहर में स्थित सभी संपत्तियों की जानकारी तैयार की है। ट्रस्ट के पंजीकरण अधिकारी एसडीएम रायगढ़ से पूछा गया है कि नियमों के मुताबिक प्रॉपर्टी का व्यावसायिक इस्तेमाल हो सकता है या नहीं। इन संपत्तियों से नगर निगम को एक रुपए भी टैक्स नहीं मिलता। जब भी वसूली के लिए नोटिस दिया जाता है तो ट्रस्ट का नाम लेकर इंकार कर दिया जाता है।

शहर में ट्रस्ट की जितनी संपत्ति है, उसकी पूरी जानकारी केलो प्रवाह को मिल चुकी है। धीरे-धीरे ट्रस्ट के नाम पर हो रही अकूत कमाई का खुलासा किया जाएगा। शहर के लोगों को मालूम ही नहीं है कि किरोड़ीमल ट्रस्ट की 50-100 नहीं बल्कि 295 संपत्तियां हैं। इनमें से करीब 140 में दुकान है या शोरूम है, 150 आवास हैं। कई लोगों ने ट्रस्ट की संपत्ति पर मकान और दुकान दोनों बना लिए हैं। सवाल यह है कि इन संपत्तियों को किराए पर दिया गया है तो कितने की रसीद काटी जाती है। प्रतिवर्ष पंजीकरण अधिकारी के समक्ष ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करना होता है।

टैक्स देते समय ट्रस्ट का नाम, बाकी समय मालिक

नगर निगम शहर के हर व्यक्ति से टैक्स वसूल रही है। समय पर टैक्स नहीं देने पर कार्रवाई भी हो रही है। गरीब आदमी को भी संपत्तिकर देना पड़ रहा है, लेकिन किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्ति पर काबिज धनकुबेरों को इससे छूट मिली है। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत किरोड़ीमल ट्रस्ट की संपत्तियों की जानकारी जुटाई गई है। एसडीएम से नियमों की विस्तृत जानकारी मांगी गई है, ताकि उस हिसाब से कार्रवाई की जा सके। किरोड़ीमल ट्रस्ट के पंजीयन के समय जो शर्तें लागू थी, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ब्याज समेत होगी टैक्स वसूली

नगर निगम ने प्रशासन को संपत्तियों की पूरी जानकारी सौंप दी है। रायगढ़ शहर में मौजूद प्रॉपर्टी की सूची देखकर हर कोई हैरान रह जाएगा। कई संपत्तियों के बारे में तो पड़ोसी को भी मालूम नहीं होगा। इनका एक-एक कर खुलासा किया जाएगा। ये संपत्तियां व्यापारियों के हाथ में कैसे गई, इसकी पूरी कुंडली खंगाली जाएगी। अब तक जितने सालों का टैक्स नहीं दिया गया है, वह पूरा वसूला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *