बड़े अतरमुड़ा में दो एकड़ जमीन की चोरी, अपनी जमीन ढूंढ़ रहे मालिक

  • किसी ने अवैध तरीके से बेच दी, किसी के पास रजिस्ट्री पेपर नहीं, एसडीएम के समक्ष दर्ज है मामला

रायगढ़,। रायगढ़ ऐसा जिला है जहां जमीन खरीदने के बाद उसे लगातार उस पर नजर रखनी पड़ती है। ऐसा नहीं किया तो कोई और जमीन का मालिक बनकर बेच देगा। ऐसा ही कुछ बड़े अतरमुड़ा में हुआ है। यहां करीब दो एकड़ जमीन गायब हो गई है। भूमि-स्वामियों ने अपनी जमीन खोजकर देने के लिए एसडीएम के सामने आवेदन किया था। अब तक कोई एसडीएम इस समस्या का निराकरण नहीं कर सका। बड़े अतरमुड़ा क्षेत्र में दो ऐसे कमाल के लोग हैं जो जादू करते हैं। उनके लिए किसी भी जमीन को बेचना बाएं हाथ का काम है।

मजे की बात है कि कांग्रेस की सरकार हो या भाजपा की, इनका जादू बरकरार रहता है। इन पर लगाम लगाने के बजाय प्रशासन इनके कामों को प्राथमिकता से करवाता है। ये लोग चाहें तो आपके सामने आपकी जमीन को अपना बता दें और आप कुछ नहीं कर सकेंगे। कोई पटवारी, तहसीलदार या एसडीएम आपकी मदद नहीं कर सकता। ऐसा ही कुछ उन्होंने दो एकड़ के साथ किया। भूमिस्वामियों को भनक भी नहीं लगी और देखते-देखते पूरी जमीन दूसरों को बेच दी। कोई रजिस्ट्री नहीं हुई, सिर्फ बाहुबल और राजनीतिक संरक्षण में जमीनों पर अतिक्रमण करवा दिया।

जिसका चाहा उसको जमीन का टुकड़ा दे दिया। बड़े अतरमुड़ा में खनं 99/11 रकबा 0.0670 हे. श्री हंस इंगॉट भूमि स्वामी जयप्रकाश पोद्दार, खनं 99/8 रकबा 0.0850 हे., 102/2 रकबा 0.2990 हे. भूमि स्वामी हेमंत जायसवाल, सोनल जैन, अनिता जायसवाल, खनं 102/3 रकबा 0.3130 हे., खनं 102/4 रकबा 0.0810 हे. भूमिस्वामी हंस इंगॉट स्थित है। लेकिन अब नक्शे के हिसाब से जमीन खोजने जाएंगे तो वहां कुछ भी नहीं मिलेगा। अब ये भूमिस्वामी अपनी जमीन खोजकर देने के लिए एसडीएम की शरण में हैं।

प्रशासन को दी चुनौती

अतरमुड़ा क्षेत्र के इन दोनों लोगों ने प्रशासन के सामने चुनौती पेश की है। कई आवंटित सरकारी जमीनों की बिक्री करवा दी। जब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की तो अधिकारियों की आंख में आंख डालकर कहा कि आप हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। अब केस चल रहे हैं और ये लोग जमीनें बेचते जा रहे हैं। सडक़ की जमीन पर भी कब्जा कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *