40 लाख में तीन एकड़ का सौदा, दो लाख ही दिए बुजुर्ग महिला को

  • जमीन दलालों ने मिलकर हड़पी तीन एकड़ जमीन, गरीब महिला को बेवकूफ बनाकर कराई रजिस्ट्री

रायगढ़। एक तरफ सरकार पंजीयन और नामांतरण को सरल करती जा रही है, दूसरी ओर जमीन दलाल इसका बेहिसाब फायदा उठा रहे हैं। धरमजयगढ़ में निशक्त बुजुर्ग महिला को बेवकूफ बनाकर कराई गई रजिस्ट्री के जिम्मेदार लोग मजे से घूम रहे हैं क्योंकि उन्होंने एक झटके में 30 लाख रुपए बना डाले। केवल दो लाख रुपए महिला को दिए। एसडीएम से लिखित शिकायत भी हुई लेकिन गरीब महिला की आवाज अफसरों तक नहीं पहुंची है। इन दिनों धरमजयगढ़ उप पंजीयक कार्यालय में जमीन दलालों की पहुंच अंदर तक है। सरकारी जमीन हो या आवंटन जमीन बेहद आसानी से रजिस्ट्रियां हो रही हैं।

दरअसल कैफियत कॉलम में कोई भी पटवारी नोट नहीं लिख रहा है। पिछले दिनों एक बुजुर्ग अशक्त महिला की तीन एकड़ जमीन दो लाख में बेच दी गई। उप पंजीयक के सामने महिला को नकद दिए गए और रजिस्ट्री पेपर में चैक नंबर डाल दिया गया। पूरे प्रदेश में दो लाख रुपए में तीन एकड़ जमीन कहीं नहीं मिलेगी, लेकिन धरमजयगढ़ के जमीन दलालों ने खोज ली। एक गरीब बुजुर्ग महिला को झांसा देकर महज दो लाख में रजिस्ट्री करवा ली गई। चलने-फिरने में असमर्थ रामकुंवर यादव के भूमिस्वामी हक की जमीन बकालो तहसील कापू में स्थित है। खनं 167, 172, 174, 285/2, 285/3, 295/3, 297/17 और 297/19 कुल रकबा 1.141 हे. को जबर्दस्ती रजिस्ट्री करवाई गई।

परमेश्वर पिता किरीतराम, आनंद जांगड़े और राहुल टंडन नामक व्यक्तियों की भूमिका सामने आ रही है।एसडीएम से की गई शिकायत में महिला का कहना है कि उसकी सहमति के बिना ही पूरी जमीन ब्रजेश्वरी गुप्ता पति जयनंद गुप्ता निवासी नवापारा रायगढ़ के नाम पर रजिस्ट्री करवा दी गई। 24 अगस्त को परमेश्वर पिता किरीतराम निवासी पेलमा और आनंद जांगड़े निवासी कापू उसको कार में बैठाकर धरमजयगढ़ लाए। पूरी जमीन की रजिस्ट्री ब्रजेश्वरी गुप्ता के नाम पर करवा दी गई। उप पंजीयक पूनम सिदार के सामने रजिस्ट्री में आईसीआईसीआई बैंक धरमजयगढ़ का चैक नंबर 000875 दर्ज किया गया।

जबकि क्रेता तो धरमजयगढ़ का निवासी भी नहीं है। वह रायगढ़ तहसील के नवापारा बनोरा का रहने वाला है। दलालों ने करीब 3 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बाद महिला को दो लाख रुपए नकद दिए। रजिस्ट्री दस्तावेजों से चैक की फोटोकॉपी भी गायब है।

जमीन का सौदा 40 लाख में
रजिस्ट्री में दो गवाहों हरीश प्र्रधान निवासी खडग़ांव और आनंद जांगड़े निवासी कापू के साइन हैं। सीसीटीवी फुटेज में राहुल टंडन नामक व्यक्ति महिला को जमीन बेचने के लिए सहमति देने को कह रहा है। वही दो लाख रुपए नकद लाकर महिला को दे रहा है। बताया जा रहा है कि जमीन का सौदा करीब 40 लाख में किया गया था, लेकिन महिला को दो लाख बताया गया। महिला को धोखे में रखकर उसकी जमीन छीन ली गई। इसकी वाजिब कीमत भी नहीं दी गई। रजिस्ट्री के दौरान फर्जी चैक दिया गया। चैक यदि विक्रता महिला के नाम पर था तो आहरण भी उसके एकाउंट में होना चाहिए। उप पंजीयक पूनम सिदार के सामने ही पूरा खेल हुआ। इसकी शिकायत एसडीएम भरत कौशिक से की गई है लेकिन अभी तक उन्होंने भी कोई कार्रवाई नहीं की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *