मौत ऐसे भी आती है....

रायगढ़ / लापरवाहीपूर्वक ढलान पर ट्रेलर खड़े करना चालक के लिए उस वक्त मौत का सबब बन गया, जब अचानक ढलान में गाड़ी चलने लगी। वाहन को रोकने का प्रयास करने के दौरान फिसलने से ड्राईवर जमीन पर गिर गया और पीछे का चक्का उस पर चढ़ गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। उक्त दर्दनाक हादसा घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थानांतर्गत ग्राम नवापारा टेण्डा में स्थित फिल कोल प्राईवेट लिमिटेड में बुधवार की शाम को ट्रेलर (क्रमांक सीजी 10 ईक्यू 1511) का चालक राजा भईया कोयला लोड कर बिल्टी लेने के लिए वाहन को कंपनी के गेट के पास ढलान में खड़े कर दिया था।

वहीं राजा भईया बिल्टी लेने गार्ड रूम आया था इसी दौरान ढलान पर खड़े होने की वजह से ट्रेलर अचानक आगे बढऩे लगी। ट्रेलर को चलते देख चालक राजा भईया दौड़ कर आया और गाड़ी को रोकने के लिए खलासी की सीट की ओर से चढऩे का प्रयास कर रहा था तभी बारिश की वजह से हुए कीचड़ में उसका पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। इससे पहले की वह उठ पाता ढलान पर बढ़ती ट्रेलर का पीछे का चक्का उसके कमर पर चढ़ गया। वहीं चक्के के नीचे दबने के कारण आई गंभीर चोट की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना को देख वहां हडक़ंप मच गई और आस पास के लोग जमा हो गए।

वहीं मामले की सूचना मिलने पर घरघोड़ा पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर शव को अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया गया तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन ढलान में खड़े किये जाने के कारण हुए हादसे के लिए मृतक राजा भईया पिता रामप्यारे निवासी जिला चित्रकुट उत्तर प्रदेश के विरूद्ध बीएनएस की धारा 106 (1) के तहत अपराध पजींबद्ध करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *