बाढ़ के पानी में फंसी 50 यात्रियों से भरी बस, पुलिस और ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे सुरक्षित निकाला

गरियाबंद, 25 सितंबर। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। इसी दौरान रायपुर से देवभोग जा रही एक यात्री बस सरई भदर के पास नाले के तेज बहाव में फंस गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

डायवर्ट रूट से जाने के दौरान नाले में फंसी बस

मिली जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे बंद होने के चलते बस चालक ने मोहरा के रास्ते देवभोग पहुंचने का प्रयास किया था। जब बस सरई भदर के पास पहुंची, तो वहां नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। बहाव के बीच आगे बढ़ते ही बस बीच रास्ते में फंस गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई।

रस्सी बांधकर एक-एक यात्री को निकाला गया बाहर

बस के पानी में फंसने की खबर मिलते ही पुलिस जवान और ग्रामीण तत्काल राहत कार्य के लिए पहुंचे। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रस्सी बांधी गई और तेज धार के बीच एक-एक कर सभी को नाला पार कराया गया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से लगभग 50 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जिसके बाद यात्रियों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *