आर्ष गुरुकुल तुरंगा में आयोजित समारोह में रायगढ़ व सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 325 शिक्षकों ने लिया सहभागिता
रायगढ़(पुसौर)। रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गुड्ड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती सावित्री सारथी को आर्ष गुरुकुल तुरंगा में आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान एवं समर्पण को देखते हुए समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा उन्हें श्रीफल एवं शाल भेंट कर तथा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए श्रीमती सावित्री सारथी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आर्ष गुरुकुल तुरंगा में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय एवं भव्य वातावरण में किया गया। समारोह में रायगढ़ तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद्, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित हुए। कार्यक्रम में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के साथ-साथ महाविद्यालयों से जुड़े कुल 325 शिक्षकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अशोक नारायण बंजारा, संचालक डीपीआई रायपुर थे। उन्होंने शिक्षकों के सम्मान को समाज और राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। उन्होंने शिक्षकों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में गुरुकुल तुरंगा के संचालक आचार्य राकेश कुमार, एल.एन. पटेल, शिक्षा अधिकारी सारंगढ़, वायुनंदन पांडे, प्रबंधक टी.आर.एन. एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड टेंडा नवापारा, भुनेश्वर पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी पुसौर, मुकेश कुमार कुर्रे, खंड शिक्षा अधिकारी बरमकेला, डॉ. रामकुमार पटेल, अधिवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रेम नारायण मौर्य सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका तथा समाज के प्रति उनके दायित्वों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शिक्षक समाज की ऐसी महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। ऐसे सम्मान समारोह शिक्षकों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं।
प्रधान पाठक श्रीमती सावित्री सारथी को सम्मानित किए जाने पर ग्राम गुड्ड एवं पुसौर क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है। उनके सम्मान को विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए विद्यालय परिवार तथा शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्रीमती सारथी ने सम्मान के लिए आयोजन समिति एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और संस्कार देना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक कार्य करने और विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर बनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ यह शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रति समाज के सम्मान एवं कृतज्ञता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन रहा।




